हाजीपुर: राघोपुर में बाढ़ का पानी घटा, लेकिन संकट बरकरार, कई इलाकों में घर-दुकान अब भी जलमग्न

Updated:
विज्ञापन

शिवनगर में फैला बाढ़ का पानी | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

हाजीपुर के राघोपुर में गंगा का जलस्तर भले ही कम हो गया हो, लेकिन बाढ़ का पानी अभी भी कई गांवों और बाजारों में जमा है. घरों और दुकानों में पानी भरे होने के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ गए हैं. राहत सामग्री के वितरण में भी अनियमितताएं सामने आ रही हैं.

विज्ञापन

Hajipur News : गंगा नदी के जलस्तर में पिछले कई दिनों से धीरे-धीरे कमी आ रही है, लेकिन राघोपुर प्रखंड के बाढ़ प्रभावित लोगों की परेशानी अब भी बनी हुई है. गांवों और बाजारों में कई दिनों से जमा बाढ़ का पानी पूरी तरह नहीं निकल सका है. निचले इलाकों के कई घरों और दुकानों में अब भी पानी घुसा हुआ है. पानी कम होने के बाद भी कई जगहों पर साफ-सफाई और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव नहीं होने से संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है.

विज्ञापन

शिवनगर बिंदा मार्केट की दुकानों में भरा पानी

शिवनगर बिंदा मार्केट समेत प्रखंड के कई निचले इलाकों में दर्जनों दुकानों में अब भी बाढ़ का पानी जमा है. रुस्तमपुर से वीरपुर जाने वाली मुख्य सड़क पर शिवनगर बिंदा मार्केट के पास करीब ढाई से तीन फीट पानी जमा है. इससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है.

रुस्तमपुर लोहा पुल से सिक्स लेन पुल जाने वाली सड़क पर भी पानी

रुस्तमपुर लोहा पुल से सिक्स लेन पुल जाने वाली सड़क पर भरत चौक समेत कई स्थानों पर पानी लबालब भरा हुआ है. पानी अधिक होने के कारण लोग ट्रैक्टर और नाव के सहारे आवागमन कर रहे हैं. ग्रामीण सड़कों पर भी बाढ़ का पानी जमा रहने से लोगों की रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित हैं.

पॉलीथीन शीट और सूखा राशन का हो रहा वितरण

ग्रामीणों के अनुसार बाढ़ प्रभावित इलाकों में सरकारी स्तर पर पॉलीथीन शीट का वितरण स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जा रहा है. हालांकि, कुछ गांवों के लोगों ने वितरण में भेदभाव का आरोप लगाया है. प्रभावित परिवारों के बीच सूखा राशन का भी वितरण किया जा रहा है, लेकिन कई गांवों में अब तक राशन नहीं पहुंचने की शिकायत है.

20 पंचायतों में 26 जगहों पर सामुदायिक रसोई

प्रखंड की 20 पंचायतों में 26 स्थानों पर सामुदायिक रसोई का संचालन किया जा रहा है. तेरसिया, सरायपुर, रुस्तमपुर, राघोपुर पश्चिमी, पहाड़पुर पश्चिमी, जुड़ावनपुर बरारी और करारी समेत सभी 20 पंचायतों में बाढ़ प्रभावित लोगों को दो समय भोजन और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है.

मोबाइल टावर बंद, नेटवर्क नहीं रहने से परेशानी

राघोपुर सीओ राजीव रंजन चौधरी ने बताया कि सभी पंचायतों में सामुदायिक किचन चलाया जा रहा है. बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग सुबह-शाम भोजन करने पहुंच रहे हैं. उन्होंने बताया कि प्रखंड के कई गांवों में विभिन्न कंपनियों के मोबाइल टावर बंद होने के कारण नेटवर्क की समस्या बनी हुई है. इससे लोगों को एक-दूसरे से संपर्क करने में परेशानी हो रही है.

बिजली आपूर्ति बंद रहने से रात में बढ़ी परेशानी

प्रखंड के कई निचले इलाकों में बाढ़ का पानी अधिक होने के कारण बिजली आपूर्ति अभी शुरू नहीं की गयी है. इससे खासकर रात के समय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. अंधेरे के कारण सांप और जहरीले कीटों का भी डर बना हुआ है. बाढ़ का पानी घटने के साथ अब प्रभावित इलाकों में साफ-सफाई, दवा और संक्रमण से बचाव के उपाय तेज करने की जरूरत है.

फोटो -56- रूस्तमपुर लोहा पुल से सिक्स लेन पुल जाने वाली सड़क | Prabhat Khabar Network
फोटो -56- रूस्तमपुर लोहा पुल से सिक्स लेन पुल जाने वाली सड़क | Prabhat Khabar Network
फोटो -57- सरायपुर में बाढ़ में घिरा मकान  | Prabhat Khabar Network
फोटो -57- सरायपुर में बाढ़ में घिरा मकान | Prabhat Khabar Network

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन