हाजीपुर में पीएम सूर्य घर योजना का कार्यक्रम, 25 हजार लाभार्थियों को मिली ₹20 हजार की सहायता
सांकेतिक तस्वीर
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत हाजीपुर में 25 हजार लाभार्थियों को ₹20 हजार की आर्थिक सहायता मिली. जानें योजना के लाभ और सोलर पैनल लगवाने की प्रक्रिया.
Solar Panel Subsidy India: पुष्करणी सभागार में मंगलवार को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को लेकर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के 25 हजार लाभार्थियों को अतिरिक्त राज्य वित्तीय सहायता के रूप में 20-20 हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की.
कार्यक्रम में हाजीपुर विधायक अवधेश सिंह, जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह, उप विकास आयुक्त कुंदन कुमार, अपर समाहर्ता किरण सिंह सहित चयनित लाभार्थी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय कार्यक्रम से जुड़े. हाजीपुर नगर परिषद के वार्ड पार्षद भी कार्यक्रम में मौजूद रहे.
वार्ड पार्षदों को जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी
कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद के वार्ड पार्षदों से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के प्रति जागरूक करने को कहा गया. वेंडरों और संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे लाभार्थियों को योजना की प्रक्रिया, अनुदान तथा सोलर पैनल लगाने से संबंधित जानकारी सरल तरीके से उपलब्ध कराएं.
विधायक अवधेश सिंह ने भी सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की जरूरत बतायी. उन्होंने जनप्रतिनिधियों से सक्रिय भूमिका निभाते हुए अधिक से अधिक लोगों तक योजना की जानकारी पहुंचाने की अपील की.
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान बेहतर कार्य करने वाले चयनित लाभार्थियों, उत्कृष्ट वेंडरों और संबंधित पदाधिकारियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया. अधिकारियों ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और लोगों को सौर ऊर्जा से जोड़ने पर जोर दिया.
सोलर पैनल लगवाने के लिए डीएम ने की अपील
जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने जिलेवासियों से प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ उठाने और अपने घरों में सोलर पैनल लगवाने के लिए आगे आने की अपील की. उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाना स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ परिवारों के बिजली खर्च को कम करने में भी सहायक है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए