पटना में राजापाकर के युवक की संदिग्ध मौत, साथ रह रहे तीन साथी पुलिस कर रही पूछताछ
लोगों की जुटी भीड़
पटना के बालू घाट के पास चाऊमीन की दुकान में काम करने वाले 24 वर्षीय जितेंद्र की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया है। रात में साथियों के साथ सोए युवक के सुबह न उठने पर परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Hajipur News : पटना के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में राजापाकर थाना क्षेत्र के रहने वाले 24 वर्षीय युवक की शुक्रवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया. वहीं, युवक के साथ रह रहे तीन अन्य साथियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
चाऊमीन दुकान पर करता था काम
मृतक की पहचान राजापाकर उत्तरी पंचायत के वार्ड संख्या 14 निवासी होरिल महतो के पुत्र जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है. मृतक के पिता ने बताया कि जितेंद्र पटना में चौरसिया भवन, बालू घाट के पास एक चाऊमीन की दुकान पर काम करता था. रात में वह तीन अन्य साथियों के साथ एक ही कमरे में रहता था.
सुबह जगाने पर नहीं उठा जितेंद्र
परिजनों के अनुसार, 17 सितंबर की रात जितेंद्र अपने तीनों साथियों के साथ खाना खाने के बाद छत पर सो गया था. 18 सितंबर की सुबह तीनों साथी उठ गये. जब उन्होंने जितेंद्र को जगाने का प्रयास किया तो वह नहीं उठा. किसी अनहोनी की आशंका पर डायल 112 को सूचना दी गयी.
एनएमसीएच में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और जितेंद्र को आनन-फानन में एनएमसीएच ले गयी. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद घटना की सूचना सुल्तानगंज थाना पुलिस को दी गयी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एनएमसीएच में ही पोस्टमार्टम कराया.
तीन साथियों से पूछताछ
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया. वहीं, जितेंद्र के साथ रह रहे तीनों साथियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है.
गांव पहुंचा शव तो मचा कोहराम
पोस्टमार्टम के बाद जितेंद्र का शव शुक्रवार की देर शाम गांव पहुंचा. शव पहुंचते ही उसे देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से जितेंद्र को अंतिम विदाई दी. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए