हाजीपुर: मास्टर चाबी से बाइक उड़ाने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश, 4 दबोचे गए; पार्ट्स बदलकर बेचते थे चोरी के वाहन

Updated:
विज्ञापन

बरामद चोरी की बाइक और गिरफ्तार आरोपित | Prabhat Khabar Network

हाजीपुर पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का खुलासा किया है. जढ़ुआ सब्जी मंडी के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से चोरी की गई मोटरसाइकिलें और स्पेयर पार्ट्स बरामद हुए हैं. यह गिरोह मास्टर चाबी का इस्तेमाल कर बाइक चुराता था और फिर पार्ट्स बदलकर उन्हें बेच देता था.

विज्ञापन

Vaishali News: हाजीपुर नगर थाना की पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय और शातिर गिरोह का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जढ़ुआ सब्जी मंडी के पास से गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई मोटरसाइकिलें और उनके खुले हुए स्पेयर पार्ट्स बरामद किए हैं.

भीड़ के हत्थे चढ़ा मुख्य आरोपी, जेब से मिली मास्टर चाबी

मिली जानकारी के अनुसार, नगर थाना पुलिस टीम गश्त पर थी, तभी सूचना मिली कि जढ़ुआ सब्जी मंडी के पास एक संदिग्ध युवक को लोगों ने बाइक चोरी करते रंगे हाथों पकड़कर उसकी धुनाई कर दी है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ के चंगुल से आरोपी को मुक्त कराया.

पकड़े गए आरोपी की पहचान रोहित कुमार (निवासी: दाउद नगर, थाना- बिदुपुर) के रूप में हुई. तलाशी लेने पर उसकी जेब से हीरो कंपनी की एक मास्टर चाबी बरामद हुई.

पूछताछ में खुला राज: बिदुपुर में छापेमारी कर 2 अन्य गिरफ्तार

पुलिस ने घायल रोहित का प्राथमिक उपचार कराने के बाद जब कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने गिरोह के अन्य सदस्यों के नामों का खुलासा किया. रोहित की निशानदेही पर पुलिस ने बिदुपुर में नीतीश कुमार के ठिकाने पर छापेमारी कर उसे दबोच लिया. नीतीश के घर से चोरी की दो मोटरसाइकिलें—एक नीले रंग की होंडा शाइन और एक काले रंग की सुपर स्पलेंडर बरामद हुईं.

गहन पूछताछ के आधार पर पुलिस ने गिरोह के दो अन्य सदस्यों लाल दास भगत और लक्ष्मण कुमार (दोनों निवासी: थाना बिदुपुर) को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने इनके पास से एक काले-लाल रंग की हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी जब्त की.

पार्ट्स बदलकर बेचते थे वाहन, सभी आरोपी भेजे गए जेल

पूछताछ में पुलिस को पता चला कि यह गिरोह संगठित तरीके से काम करता था. ये लोग मास्टर चाबी से बाइक उड़ाते थे और फिर पुलिस व मालिक से पहचान छिपाने के लिए गाड़ियों के पार्ट्स बदलकर उन्हें बाजार में ठिकाने लगाते थे.

नगर थाना पुलिस ने चारों आरोपियों—रोहित कुमार, नीतीश कुमार, लाल दास भगत और लक्ष्मण कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत (जेल) भेज दिया है. पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास और अन्य संपर्कों का पता लगा रही है.


विज्ञापन
अभिषेक कुमार

लेखक के बारे में

By अभिषेक कुमार

अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन