हाजीपुर : क्लिनिक से लौट रहे डॉक्टर को बदमाशों ने घेरा, मारपीट कर लूटी बाइक, जांच में जुटी पुलिस

बेलसर ओ.पी फाइल फोटो
Vaishali Bike Loot News : बेलसर में पांच बदमाशों ने होम्योपैथिक चिकित्सक को ओवरटेक कर उनकी बाइक लूटी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
Vaishali Bike Loot News : वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र में शनिवार रात बेखौफ बदमाशों ने एक होम्योपैथ चिकित्सक को निशाना बनाया. क्लिनिक बंद कर घर लौट रहे डॉक्टर के साथ मारपीट कर उनकी बाइक लूट ली गई. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है.
क्लिनिक से लौट रहे डॉक्टर को बनाया निशाना
पटेढ़ी बेलसर थाना क्षेत्र के लालगंज-फकुली मुख्य मार्ग पर सिहमा कंठ गांव स्थित डोमवा चौक के पास शनिवार रात करीब 9 बजे यह वारदात हुई. होम्योपैथ चिकित्सक डॉ. विवेक कुमार अपनी क्लिनिक बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया.
पांच बदमाशों ने मारपीट कर लूटी बाइक
जानकारी के अनुसार बेलसर थाना क्षेत्र के हौजपुरा गांव निवासी डॉ. विवेक कुमार गोरौल चौक स्थित अपने क्लिनिक से ग्लैमर बाइक पर घर लौट रहे थे. रास्ते में दो बाइकों पर सवार पांच बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया. इसके बाद गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की और बाइक लेकर लालगंज की ओर फरार हो गए.
सोने की चेन और पर्स नहीं छीना
पीड़ित डॉ. विवेक कुमार ने बताया कि बदमाश केवल उनकी बाइक लेकर भागे. उनके गले में पहनी सोने की चेन और जेब में रखा पर्स नहीं छीना गया. उन्होंने यह भी बताया कि वारदात के दौरान किसी तरह के हथियार का इस्तेमाल नहीं किया गया. आरोपी तेज रफ्तार में मौके से फरार हो गए.
सूचना मिलते ही पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही बेलसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. इसके बाद संभावित ठिकानों पर देर रात तक छापेमारी की गई. पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में भी सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश
घटना में शामिल बदमाशों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस तकनीकी और स्थानीय स्तर पर भी जांच कर रही है ताकि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके.
थानाध्यक्ष ने क्या कहा
बेलसर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
Also Read : हाजीपुर में बारिश और वज्रपात का अलर्ट, गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना, जानें IMD की चेतावनी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










