हाजीपुर में पुणे से शव आते ही मचा बवाल, सड़क पर उतरे लोग, मुखिया और पुलिस पर हमला
मृतक के रोते बिलखते परिजन
पुणे से मजदूर का शव गांव पहुंचते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने शव को ठेकेदार के घर के सामने रखकर सड़क जाम कर दिया और आगजनी की. इस दौरान मुखिया और पुलिस टीम पर भी हमला हुआ.
Attack on contractor: बलिगांव थाना क्षेत्र के चांदपुरा गांव निवासी एक मजदूर का शव सोमवार को पुणे से गांव पहुंचते ही लोगों का आक्रोश फूट पड़ा. ग्रामीणों ने पहले चांदपुरा पुल के पास कुछ देर के लिए सड़क जाम किया. इसके बाद शव को कथित ठेकेदार के घर के सामने पातेपुर-बलिगांव मार्ग पर रखकर बांस-बल्ला लगाया और सड़क जाम कर दिया. इस दौरान आगजनी भी की गयी. आक्रोशित लोग मजदूर की हत्या के आरोपी ठेकेदार और उसके साले की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे.
सड़क जाम की सूचना पर पहुंची बलिगांव थाना की पुलिस लोगों को समझाने का प्रयास कर रही थी. इसी दौरान किसी बात को लेकर लोगों का आक्रोश भड़क गया. लोगों ने स्थानीय मुखिया राम इकबाल चौरसिया पर हमला कर दिया और उन्हें काफी दूर तक दौड़ा-दौड़ा कर पीटा. बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस टीम को भी लोगों ने खदेड़ दिया. स्थिति को देखते हुए आसपास के कई थानों की पुलिस और जिला मुख्यालय से अतिरिक्त बल मौके पर भेजा गया.
छह माह पूर्व मजदूरी करने पुणे गया था युवक
मृतक की पहचान चांदपुरा गांव निवासी रंजीत सहनी के 22 वर्षीय पुत्र सकींद्र कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, सकींद्र करीब छह माह पूर्व गांव के ही ठेकेदार विनोद साह के साथ राजमिस्त्री का काम करने पुणे गया था.
बताया गया कि कुछ दिन पहले पैसे के लेन-देन को लेकर सकींद्र का ठेकेदार के साले मुजफ्फरपुर जिले के बरियारपुर गांव निवासी अनील साह के साथ विवाद हुआ था. परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद को लेकर दो सितंबर को ठेकेदार विनोद साह और उसके साले अनील साह ने मिलकर सकींद्र के सिर पर हथौड़े से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी. घटना के बाद दोनों के फरार होने की बात बतायी गयी है.
हत्या की सूचना मिलते ही पुणे गये थे परिजन
सकींद्र की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजन पुणे पहुंचे थे. वहां स्थानीय पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया. इसके बाद परिजन एंबुलेंस से शव लेकर चांदपुरा पहुंचे.
सोमवार की दोपहर शव गांव पहुंचते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया. बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मृतक के घर पहुंच गये. घटना से आक्रोशित लोगों ने शव को कथित ठेकेदार के दरवाजे पर रख दिया और पातेपुर-बलिगांव मार्ग को बांस-बल्ला लगाकर जाम कर दिया. इस दौरान सड़क पर आगजनी भी की गयी.

मुखिया को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, पुलिस को भी खदेड़ा
सड़क जाम की सूचना मिलने पर बलिगांव थानाध्यक्ष रामनिवास कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस स्थानीय मुखिया राम इकबाल चौरसिया की मदद से लोगों को समझाने का प्रयास कर रही थी. इसी दौरान किसी बात को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश भड़क गया.
लोगों ने मुखिया पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया. मुखिया को बचने के लिए काफी दूर तक दौड़ना पड़ा, लेकिन लोगों ने उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर पीटा. बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस टीम के साथ भी लोगों ने धक्का-मुक्की और हमला किया, जिसके बाद पुलिसकर्मी वहां से हट गये.
कई थानों की पुलिस पहुंची, बज्रवाहन भी बुलाया गया
स्थिति बिगड़ती देख बलिगांव थानाध्यक्ष ने आसपास के थानों को सूचना दी. इसके बाद पातेपुर, हरलोचनपुर, तिसीऔता और महिसौर थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. वरीय अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी गयी.
इसके बाद जिला मुख्यालय से बज्रवाहन के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल को मौके पर भेजा गया. पुलिस की टीम स्थिति को नियंत्रित करने और लोगों को समझाने में जुटी रही. मृतक के परिजन और ग्रामीण आरोपी ठेकेदार की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए थे.

क्या कहते हैं एसडीपीओ
महुआ एसडीपीओ पुलस्त कुमार ने बताया कि पुणे में एक मजदूर की हत्या के बाद उसका शव गांव लाया गया था. इस मामले में परिजनों की ओर से मुंबई में प्राथमिकी दर्ज कराये जाने की जानकारी मिली है. इसके बाद भी यहां सड़क जाम किया गया है.
उन्होंने कहा कि स्थानीय पुलिस लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है. घटना पुणे की है, इसलिए मामले की पूरी जानकारी ली जा रही है. स्थानीय मुखिया की पिटाई के मामले को भी गंभीरता से लिया जा रहा है और आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.
Also Read : बाढ़ के बीच दानापुर दियारा में जंगली सुअर का आतंक, महिला समेत दो पर हमला, ग्रामीणों ने घेरकर मार डाला
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए