‘पीछे देखिए, कपड़ा फंसा है…’ कहकर ध्यान भटकाया, झोला काट वैशाली में रिटायर्ड फौजी के ₹50 हजार उड़ाए

Author Vikas Jha
Updated:
विज्ञापन

घटना के बाद मौके पर जांच-पड़ताल करती पुलिस टीम और मौजूद स्थानीय लोग

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Hajipur News: वैशाली जिले के महनार बाजार में बदमाशों ने रिटायर्ड सेना जवान को बातों में उलझाकर झोला काट लिया और उसमें रखे 50 हजार रुपये, बैंक पासबुक व चेक लेकर फरार हो गए. घटना के बाद नगर परिषद के कई सीसीटीवी कैमरे बंद मिलने पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.

विज्ञापन

Hajipur News (कृत्यानंद सिंह की रिपोर्ट): वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े उचक्कों ने एक रिटायर्ड सेना जवान को निशाना बनाते हुए 50 हजार रुपये नकद, बैंक पासबुक और चेक उड़ा लिए. घटना महनार बाजार स्थित सरकारी अस्पताल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने हुई. वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई.

विज्ञापन

जानकारी के अनुसार, नगर परिषद क्षेत्र के टांडा चौड़ी वार्ड संख्या-16 निवासी महादेव साह स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से 50 हजार रुपये की निकासी कर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे. जैसे ही वे सरकारी अस्पताल के समीप पहुंचे, एक टेम्पू चालक संदिग्ध तरीके से उनके आगे-पीछे मंडराने लगा.

बातों में उलझाकर रची साजिश

इसी दौरान 4 से 5 की संख्या में मौजूद बदमाशों ने उन्हें घेर लिया. साइकिल में कपड़ा फंसे होने की बात कहकर उनका ध्यान भटका दिया. इसी मौके का फायदा उठाते हुए बदमाशों ने ब्लेड से उनका झोला काट दिया और उसमें रखे 50 हजार रुपये, दो बैंक पासबुक और एक चेक निकालकर फरार हो गए. कुछ दूर जाने के बाद महादेव साह को घटना का एहसास हुआ. उन्होंने शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे. अचानक हुई इस घटना से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

सीसीटीवी व्यवस्था पर सवाल

इस घटना ने नगर परिषद द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. पीड़ित के अनुसार, जब वे पुलिस के साथ फुटेज देखने पहुंचे तो अधिकांश कैमरे बंद पाए गए. नगर परिषद कर्मियों ने भी स्वीकार किया कि कई कैमरे पिछले कुछ दिनों से खराब हैं. दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है. लोगों का कहना है कि जब सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे जरूरत के समय ही काम न करें, तो उनकी उपयोगिता पर सवाल उठना स्वाभाविक है.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष वेदानंद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है.

Also Read: सरकारी स्कूल के हेडमास्टर के घर फिर चोरी, सात महीने में दूसरी बार वारदात से दहशत

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन