Hajipur News : पोखर में डूबे चार किशोर, दो को ग्रामीणों ने बचाया, दो लापता

Updated:
विज्ञापन
Hajipur News : पोखर में डूबे चार किशोर, दो को ग्रामीणों ने बचाया, दो लापता

सहदेई बुजुर्ग थाना क्षेत्र के बाजितपुर चंवर गदियाही स्थित पोखर में मंगलवार शाम चार किशोर डूब गये, जिनमें से दो को ग्रामीणों ने बचा लिया, जबकि दो किशोर अब भी लापता हैं. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर सैकड़ों लोग जुट गये.

विज्ञापन

सहदेई बुजुर्ग. सहदेई बुजुर्ग थाना क्षेत्र के बाजितपुर चंवर गदियाही स्थित पोखर में मंगलवार शाम चार किशोर डूब गये, जिनमें से दो को ग्रामीणों ने बचा लिया, जबकि दो किशोर अब भी लापता हैं. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर सैकड़ों लोग जुट गये. इसकी सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी. देर शाम तक पोखर में डूब दो किशोर की तलाश की गयी, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका. अंधेरा होने की वजह से उनकी तलाश रोक दी गयी. बुधवार की सुबह फिर से उनकी तलाश की जायेगी. ग्रामीणों के अनुसार, मोटर पंप चालू करने के लिए बाजितपुर वार्ड संख्या 3 निवासी शिक्षक मोहन राय का 13 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार पोखर से पानी लाने गया था. इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया. उसे डूबता देख इब्राहिमपुर वार्ड संख्या तीन निवासी सुरेंद्र राय का 17 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार बचाने के लिए कूदा, लेकिन वह भी डूबने लगा. इसके बाद रंजीत चौधरी के पुत्र संजीव कुमार और परभंस राय के पुत्र शिवा कुमार भी बचाने के लिए पोखर में कूद पड़े, लेकिन सभी डूबने लगे. चारों को डूबते देख गेहूं के खेत में काम कर रहे ग्रामीण संजय कुमार उर्फ राजा ने तुरंत पानी में उतर कर किसी तरह संजीव और शिवा को बचा लिया, लेकिन शिवम और आदित्य गहरे गड्ढे में डूब गये. इसकी सूचना पर वहां लोगों की भीड़ जुट गयी. स्थानीय समाजसेवी महेश चौधरी, राजद प्रखंड अध्यक्ष सह पैक्स अध्यक्ष रविन राय और राजद नेता मदन राय मौके पर पहुंचे. उन्होंने तुरंत सहदेई थानाध्यक्ष पंकज कुमार, देसरी थानाध्यक्ष चंदन कुमार और सीओ अनुराधा कुमारी को घटना की जानकारी दी.

रात होने पर रोक दी गयी तलाश

सूचना मिलते ही थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचा. स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता किशोरों को खोजने का प्रयास किया गया, लेकिन घंटों मशक्कत के बाद भी कोई सफलता नहीं मिली. अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान रोक दिया गया. बुधवार सुबह फिर से तलाश शुरू की जायेगी.

परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन

घटना की जानकारी मिलते ही शिवम और आदित्य के परिजन पोखर के पास दहाड़ मारकर रोने लगे. इस बीच विधायक प्रतिमा कुमारी भी मौके पर पहुंचीं और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी. उन्होंने एसडीओ नीरज कुमार, डीएम और डीडीसी से संपर्क कर एसडीआरएफ की टीम बुलाकर तलाशी अभियान तेज करने की मांग की.

मैट्रिक परीक्षा दे चुका था आदित्य

लापता आदित्य कुमार इस साल मैट्रिक की परीक्षा दे चुका था. उसकी मां का निधन बचपन में ही हो गया था, जिसके बाद नानी और मौसी ने उसका लालन-पालन किया. वह तीन भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था. उसके पिता सुरेंद्र राय गुवाहाटी में मजदूरी करते हैं. वहीं, शिवम अपने दो भाइयों में सबसे छोटा था. उसके पिता मोहन राय रोसड़ा के एक सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं, जबकि शिवम देसरी के एक निजी स्कूल में पढ़ता था. घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Shah Abid Hussain

लेखक के बारे में

By Shah Abid Hussain

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन