वैशाली के बेलसर में बिजली तार-ट्रांसफार्मर चोरी के कथित गिरोह का खुलासा, सरगना उमेश सहनी गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

हाजीपुर पुलिस ने बिजली के तार और ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है. गिरोह के सरगना उमेश सहनी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसने कई जिलों में हुई चोरियों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस अब गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में जुटी है.

विज्ञापन

हाजीपुर के बेलसर पुलिस ने बिजली के तार और ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले एक कथित संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए उसके सरगना उमेश सहनी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसे बुधवार की रात बेलसर थाना क्षेत्र के पटेढ़ा जयराम (घाट पटेढ़ा) गांव स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया.

विज्ञापन

पुलिस पूछताछ में उमेश ने वैशाली समेत अन्य जिलों के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बिजली के तार और ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार करने की बात कही है. पूछताछ के दौरान उसने गिरोह में शामिल अन्य साथियों के नाम भी पुलिस को बताये हैं.

भाई के साथ मिलकर गिरोह चलाने का आरोप

पुलिस के अनुसार, उमेश सहनी अपने भाई भोनू उर्फ कनखरवा के साथ मिलकर कथित रूप से गिरोह संचालित करता था. गिरोह में चार-पांच अन्य अपराधकर्मियों के शामिल होने की बात सामने आयी है. पुलिस अब उमेश से मिली जानकारी के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है.

भाई पर दर्ज हैं ट्रांसफार्मर चोरी के दो मामले

पुलिस के मुताबिक, उमेश के भाई भोनू उर्फ कनखरवा के खिलाफ अकेले बेलसर थाने में ट्रांसफार्मर और बिजली तार चोरी के दो मामले दर्ज हैं. दोनों मामलों में वह फरार चल रहा है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर चोरी करते पकड़ा था

ग्रामीणों के अनुसार, कुछ दिन पहले भगवानपुर थाना क्षेत्र के मुर्गियां चौक पर उमेश सहनी को ट्रांसफार्मर चोरी करते हुए ग्रामीणों ने कथित तौर पर रंगेहाथ पकड़ लिया था. ग्रामीणों की सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में लिया था. हालांकि, उस घटना को लेकर किसी ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं करायी. शिकायत नहीं मिलने के बाद उसे छोड़ दिया गया था.

बेलसर पुलिस की मौजूदा कार्रवाई के बाद पुलिस उमेश से मिली जानकारी के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और पूर्व में हुई बिजली सामग्री चोरी की घटनाओं की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन