पितृपक्ष में उमड़ेगी भीड़, रेलवे ने कसी कमर; चलेंगी स्पेशल ट्रेनें,स्टेशनों पर बनेगा होल्डिंग एरिया

Updated:
विज्ञापन

महाप्रबंधक जानकारी देते हुए | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

पितृपक्ष मेले और आगामी त्योहारों को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने यात्रियों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं. भीड़ से निपटने के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी और स्टेशनों पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.

विज्ञापन

Hajipur News : हाजीपुर में आगामी पितृपक्ष मेला और त्योहारों को लेकर पूर्व मध्य रेल ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले और पर्वों के बाद लौटने वाले यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी. पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक (जीएम) डिंपी गर्ग ने सोमवार को मुख्यालय में आयोजित अपनी पहली प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी.

विज्ञापन

होल्डिंग एरिया में मिलेंगी सुविधाएं

जीएम ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है. प्रमुख स्टेशनों पर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे. इनमें पेयजल, ट्रेन एनाउंसमेंट और मेडिकल सहायता जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी.

भीड़ नियंत्रण के लिए बनेगा वार रूम

स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की निगरानी के लिए विशेष वार रूम स्थापित किया गया है. यहां से 24 घंटे स्थिति पर नजर रखी जाएगी. इसके अलावा रेलवे सुरक्षा बल की अतिरिक्त टुकड़ियां भी तैनात की जा रही हैं.

सामान्य बोगियों में कतारबद्ध चढ़ेंगे यात्री

लंबी दूरी की अत्यधिक भीड़भाड़ वाली ट्रेनों की सामान्य बोगियों में यात्रियों को व्यवस्थित ढंग से चढ़ाने के लिए आरपीएफ और वाणिज्य विभाग के कर्मियों को तैनात किया जाएगा. इसके लिए कतारबद्ध चढ़ाने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि यात्रियों को परेशानी न हो और भीड़ को नियंत्रित किया जा सके.

मोकामा में नए गंगा पुल को चालू करने की तैयारी

जीएम ने बताया कि मोकामा में गंगा नदी पर नवनिर्मित नए पुल के चालू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच रेल संपर्क को एक अतिरिक्त और सुगम मार्ग मिलेगा. पुल को चालू करने की प्रक्रिया के तहत सोमवार से नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य शुरू हो गया है, जो चार अक्टूबर तक चलेगा.

विक्रमशिला-कटरिया के बीच बनेगा नया रेल पुल

भागलपुर के पास गंगा नदी पर विक्रमशिला और कटरिया के बीच बनने वाले नए रेल पुल को अगस्त 2024 में 2,171.34 करोड़ रुपये की लागत से मंजूरी मिल चुकी है. इसे अगस्त 2031 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

डीडीयू-झाझा के बीच चौथी रेल लाइन पर काम तेज

पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन से झाझा के बीच करीब 400 किलोमीटर लंबी तीसरी और चौथी रेल लाइन का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है. निर्माण में सुविधा के लिए इसे छोटे-छोटे रेलखंडों में विभाजित किया गया है.

97 स्टेशनों का हो रहा कायाकल्प

भारतीय रेलवे की महत्वाकांक्षी योजना के तहत पूर्व मध्य रेल के 97 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है. चंदौली मझवार, दौरम मधेपुरा, बनमनखी, गोमो और कतरासगढ़ स्टेशनों पर पुनर्विकास का काम लगभग पूरा हो चुका है. वहीं, नवंबर तक सलौना, सुपौल और लखीसराय समेत अन्य स्टेशनों का काम भी पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन