हाजीपुर के गोरौल में कर्ज से परेशान अधेड़ का झाड़ी में मिला शव, परिजनों ने जताई आत्महत्या की आशंका

Updated:
विज्ञापन

मृतक लाला सिंह की फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

वैशाली जिले के गोरौल में एक 60 वर्षीय अधेड़ का शव गांव के समीप झाड़ी से बरामद हुआ है. परिजनों का आरोप है कि भारी कर्ज और निजी फाइनेंस कंपनियों के लगातार उत्पीड़न के दबाव में आकर उन्होंने आत्महत्या कर ली.

विज्ञापन

Vaishali News: वैशाली जिले के गोरौल थाना क्षेत्र की पिरोई समसुद्दीन पंचायत के बड़ी पिरोई गांव में मंगलवार को एक 60 वर्षीय अधेड़ का शव गांव के समीप झाड़ी से बरामद होने पर इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान गांव के ही लाला सिंह (60 वर्ष) के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि वह भारी कर्ज और ऋण वसूली के लगातार बन रहे दबाव से मानसिक रूप से बेहद परेशान थे.

विज्ञापन

रविवार शाम से थे लापता, झाड़ी में मिला शव

परिजनों के अनुसार, लाला सिंह रविवार की शाम अचानक घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे. परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला. मंगलवार को ग्रामीणों ने गांव के समीप एक झाड़ी में उनका शव पड़ा देखा. सूचना मिलते ही स्वजन मौके पर पहुंचे और शव को घर ले आए.

परिजनों ने बताया कि मृतक पर ग्रामीणों का लगभग 5 लाख रुपये का कर्ज था. इसके अतिरिक्त सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (महुआ शाखा) से लगभग 1.5 लाख रुपये और एक निजी माइक्रो फाइनेंस कंपनी से परिवार के अन्य सदस्यों के नाम पर भी ऋण लिया गया था.

फाइनेंस कर्मियों पर गाली-गलौज और उत्पीड़न का आरोप

स्वजनों का गंभीर आरोप है कि ऋण वसूली को लेकर निजी फाइनेंस कंपनी के कर्मी आए दिन घर आकर गाली-गलौज और अपमानजनक व्यवहार करते थे. आरोप है कि माइक्रो फाइनेंस कर्मियों की प्रताड़ना और कर्ज के तनाव में आकर उन्होंने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली.

ग्रामीणों और परिजनों ने आरोप लगाया कि इलाके में महाजनों और निजी फाइनेंस कंपनियों द्वारा गरीबों का जमकर आर्थिक शोषण किया जा रहा है. 10 से 15 प्रतिशत मासिक ब्याज दर पर जबरन वसूली की जाती है और पैसे न देने पर बदसलूकी व प्रताड़ित किया जाता है.

बिना पुलिस को सूचना दिए हुआ अंतिम संस्कार

घटना की पुष्टि पिरोई समसुद्दीन पंचायत के मुखिया सह प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह सहित दर्जनों ग्रामीणों ने की है. हालांकि, परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दिए बिना ही मृतक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया.

मामले में गोरौल थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि घटना से संबंधित कोई आधिकारिक सूचना पुलिस को नहीं दी गई है. इसके बावजूद पुलिस पूरे मामले की जांच और छानबीन में जुट गई है.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन