वैशाली जिले में 16 आदर्श विद्यालय का लोकार्पण, विद्यार्थियों को मिलेंगी आधुनिक शिक्षा सुविधाएं

सेंदुआरी में शुभारंभ करते डीएम व विधायक
Hajipur smart schools: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वैशाली जिले में 16 'सरस्वती विद्या निकेतन' (आदर्श विद्यालय) का वर्चुअल लोकार्पण किया. इन विद्यालयों में आधुनिक शिक्षण सुविधाओं के साथ स्मार्ट क्लास, ई-लाइब्रेरी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी.
Hajipur smart schools: बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी पहल सात निश्चय-3 के तहत ‘उन्नत शिक्षा, उज्ज्वल भविष्य’ योजना के अंतर्गत रविवार को वैशाली जिले में 16 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का लोकार्पण मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा बेगूसराय से वर्चुअल माध्यम से किया गया. इस योजना के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त आदर्श विद्यालय स्थापित किए गए हैं.
जिले में भगवानपुर, बिदुपुर, चेहराकला, देसरी, गोरौल, जंदाहा, लालगंज, महनार, महुआ, पटेढ़ी बेलसर, पातेपुर, राघोपुर, राजापाकर, सहदेई बुजुर्ग एवं वैशाली प्रखंड में एक-एक तथा हाजीपुर प्रखंड में एक सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) स्थापित किया गया है.
विद्यार्थियों को मिलेंगी आधुनिक शिक्षण सुविधाएं
जिला प्रशासन द्वारा सभी विद्यालयों में भवन, स्मार्ट कक्षाएं, पेयजल, विद्युत, शौचालय, स्वच्छता, फर्नीचर, कार्यालय संचालन, कंप्यूटर, इंटरनेट तथा अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि विद्यार्थियों को पहले दिन से ही गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण मिल सके.
सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण व्यवस्था और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की नई अवधारणा को साकार किया जाएगा. इन विद्यालयों में अनुभवी शिक्षकों एवं विषय विशेषज्ञों द्वारा अध्यापन, स्मार्ट क्लासरूम, ई-लाइब्रेरी, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं, खेल सुविधाएं, करियर काउंसलिंग, रिमेडियल क्लास तथा मेडिकल, इंजीनियरिंग, ओलंपियाड एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की आधारभूत तैयारी की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
डिजिटल प्लेटफॉर्म से भी जुड़ेंगे विद्यार्थी
विद्यालयों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को विभिन्न डिजिटल शिक्षण प्लेटफॉर्म तक पहुंच भी उपलब्ध कराई जाएगी. इससे छात्र-छात्राओं को तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में सहायता मिलेगी और उनकी प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी भी सुदृढ़ होगी.
सेंदुआरी में आयोजित हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम
इस अवसर पर जिले का मुख्य कार्यक्रम सेंदुआरी स्थित राजकीयकृत हाई स्कूल में आयोजित किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ हाजीपुर विधायक अवधेश सिंह, उपप्रमुख नंदकिशोर सिंह एवं एसडीएम रामबाबू बैठा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अवधेश सिंह ने कहा कि सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) शिक्षा के क्षेत्र में राज्य सरकार की दूरदर्शी पहल है. इससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समान अवसर, आधुनिक संसाधन एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा. उन्होंने कहा कि ये विद्यालय भविष्य में उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थानों के रूप में स्थापित होंगे और जिले के विद्यार्थियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










