वैशाली के राघोपुर में बाढ़ का पानी घटने के बाद भी सरकारी कार्यालयों में लटके ताले, सीडीपीओ और अंचल कार्यालय बंद मिलने से लोग परेशान
सीडीपीओ कार्यालय में लटका ताला
बाढ़ का पानी राघोपुर से उतर चुका है, लेकिन कई सरकारी दफ्तरों में अब भी ताले लटके हैं. सीडीपीओ और अंचल कार्यालयों के बंद रहने से आम लोगों को योजनाओं की जानकारी और सरकारी सहायता के लिए भटकना पड़ रहा है. ग्रामीण जल्द से जल्द कार्यालय खोले जाने की मांग कर रहे हैं.
Raghopur Flood News: राघोपुर प्रखंड में बाढ़ का पानी घटे कई दिन बीत जाने के बाद भी कई सरकारी कार्यालयों में ताले लटके रहने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बाढ़ के दौरान कार्यालय परिसरों में पानी भर जाने के कारण कामकाज बंद था. अब पानी निकल चुका है, लेकिन कई कार्यालयों में नियमित रूप से कामकाज शुरू नहीं हो सका है.
सीडीपीओ कार्यालय में दोपहर तक लटका रहा ताला
मंगलवार को पड़ताल के दौरान मोहनपुर स्थित सीडीपीओ कार्यालय दोपहर 12 बजे तक बंद मिला. प्रखंड के विभिन्न गांवों से अपने काम के लिए पहुंचे लोग कार्यालय में ताला लटका देखकर निराश होकर लौटते दिखे. आंगनबाड़ी, पोषण और अन्य योजनाओं से जुड़े कार्यों के लिए आने वाले लोगों को कार्यालय बंद रहने से परेशानी हुई.
प्रखंड कार्यालय खुला, आरटीपीएस और पेंशन कार्यालय में कामकाज जारी
प्रखंड कार्यालय खुला था और बीडीओ सहित कर्मी मौजूद थे. आरटीपीएस काउंटर और पेंशन कार्यालय भी खुले मिले, जहां कर्मचारी अपने कार्यों में जुटे थे. इससे इन कार्यालयों में पहुंचे लोगों को कुछ राहत मिली.
अंचल कार्यालय में सीओ समेत कोई कर्मी नहीं मिला
वहीं, अंचल कार्यालय पूरी तरह बंद मिला. वहां सीओ, नाजिर, राजस्व कर्मचारी सहित कोई भी कर्मी मौजूद नहीं था. बाढ़ प्रभावित लोगों को राजस्व, राहत और सरकारी सहायता से जुड़ी जानकारी लेने में परेशानी हो रही है. कई लोग कार्यालय पहुंचने के बाद बिना काम कराये लौटने को मजबूर हैं.
हाजीपुर में चल रही डाटा एंट्री, राघोपुर में जानकारी का अभाव
स्थानीय लोगों ने बताया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को सरकारी सहायता राशि भेजने के लिए जिला मुख्यालय हाजीपुर में तीन शिफ्ट में डाटा एंट्री का काम चल रहा है. इसमें लाभुकों के नाम, पिता का नाम, आधार नंबर, मोबाइल नंबर और राशन कार्ड नंबर दर्ज किए जा रहे हैं. लेकिन राघोपुर अंचल कार्यालय में अधिकारी-कर्मचारियों के नहीं रहने से लोगों को अपने नाम और सहायता राशि से संबंधित जानकारी नहीं मिल पा रही है.
नियमित कार्यालय खोलने की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ से संबंधित जानकारी और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए वे कार्यालय पहुंचते हैं, लेकिन कर्मियों की अनुपस्थिति के कारण उन्हें बैरंग लौटना पड़ता है. लोगों ने वरीय अधिकारियों से मांग की है कि बाढ़ का पानी निकलने के बाद सभी सरकारी कार्यालयों को नियमित रूप से खोला जाए और कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो.
जीआर सूची तैयार करने में लगे हैं कर्मी : बीडीओ
इस संबंध में बीडीओ सीमा कुमारी ने बताया कि बाढ़ को लेकर जीआर सूची तैयार करने में अंचल कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी लगे हुए हैं. पहाड़पुर में आयोजित सहयोग शिविर में भी अधिकारी और कर्मियों की ड्यूटी लगी थी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए