कच्ची दरगाह-बिदुपुर गंगा पुल अगले आदेश तक बंद, रूट डायवर्जन और गाइडलाइन जारी
Bidupur Ganga Bridge: कच्ची दरगाह–बिदुपुर गंगा पुल पर निर्माण कार्य के चलते अगले आदेश तक सभी प्रकार के वाहनों और पैदल आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है. जिला प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है.
Bidupur Ganga Bridge: (कैफ अहमद) वैशाली जिले के कच्ची दरगाह–बिदुपुर गंगा पुल पर अगले आदेश तक सभी प्रकार के वाहनों और पैदल यात्रियों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्य पूरा होने अथवा नया आदेश जारी होने तक पुल से किसी भी व्यक्ति या वाहन को गुजरने की अनुमति नहीं होगी.
आपके शहर में
निर्माण कार्य के कारण लिया गया निर्णय
जिला प्रशासन के अनुसार, ग्रीन फील्ड सिक्स लेन अतिरिक्त केबल-स्टे गंगा पुल परियोजना के तहत पाया संख्या-23 से पाया संख्या-67 के बीच तेजी से निर्माण कार्य चल रहा है. निर्माण कार्य में लगे अभियंताओं, श्रमिकों और आम लोगों की सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है.

24 घंटे पुलिस और दंडाधिकारी रहेंगे तैनात
प्रतिबंध का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुल के दोनों छोर पर 24 घंटे तीन पालियों में दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति को पुल पार करने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
यदि कोई व्यक्ति जबरन पुल से गुजरने का प्रयास करता है या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

अधिकारियों को नियमित निगरानी का निर्देश
जिला प्रशासन ने बिदुपुर, राघोपुर और संबंधित थाना क्षेत्रों के अधिकारियों को नियमित गश्त करने तथा प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. साथ ही तैनात अधिकारियों को हर घंटे पुल की स्थिति की तस्वीर जिला प्रशासन के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा करने के निर्देश दिए गए हैं.
वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि अगले आदेश तक कच्ची दरगाह–बिदुपुर गंगा पुल का उपयोग न करें और यात्रा के लिए केवल वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना से बचा जा सके.
इसे भी पढ़ें: बिहार में ‘फ्री’ की बीयर! हाजीपुर में ट्रक-पिकअप की टक्कर के बाद मची लूट, बोतलें बटोरने लगे लोग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए