गोपालगंज: माधोपुर के कल्याणपुर में पोखर से 20 वर्षीय युवक का शव बरामद, इलाके में सनसनी; पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पोस्टमार्टम के लिये परिजन व स्थानिय पुलिस सदर अस्पताल पहुंचे | Prabhat Khabar Network
गोपालगंज के माधोपुर में पोखर में डूबने से 20 वर्षीय युवक रवि कुमार की मौत हो गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
Gopalganj News: जिले के माधोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्याणपुर गांव स्थित एक पोखर में डूबने से 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. शुक्रवार को पोखर के पानी में युवक का शव उतराता देख आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई. देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. मृतक की पहचान कल्याणपुर गांव निवासी द्वारिका राम के 20 वर्षीय पुत्र रवि कुमार के रूप में की गई है.
आपके शहर में
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना माधोपुर थाना पुलिस को दी. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला.
परिजनों में मचा कोहराम
शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई. मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है. पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया.
मौत के स्पष्ट कारणों की जांच में जुटी पुलिस
माधोपुर थाना पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला पोखर में डूबने का प्रतीत होता है, लेकिन मौत के वास्तविक और सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक किन परिस्थितियों में पोखर के पास पहुंचा था. मामले में परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए