गोपालगंज : बीमार मां से मिलने गांव लौट रहे 36 वर्षीय युवक की मौत, चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में गई जान
घटनास्थल की तस्वीर
Gopalganj Train Accident : गोपालगंज के सिधवलिया रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से उतरने के प्रयास में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. यह घटना रेलवे सुरक्षा नियमों की अनदेखी का गंभीर परिणाम है.
Gopalganj Train Accident : गोपालगंज के सिधवलिया रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश कर रहे एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही आरपीएफ मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की.
बीमार मां से मिलने गांव लौट रहा था राजेश
मृतक की पहचान सिधवलिया थाना क्षेत्र के जलालपुर कला निवासी बली राय के 36 वर्षीय पुत्र राजेश यादव के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार राजेश यादव असम में कपड़े की फेरी का काम करता था. मां शनिचरा देवी की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने पर वह गांव लौट रहा था.
सिधवलिया स्टेशन पर उतरने की कोशिश बनी हादसे की वजह
जानकारी के अनुसार राजेश यादव ट्रेन संख्या 19046 ताप्ती गंगा एक्सप्रेस से थावे की ओर से आ रहा था. इस ट्रेन का सिधवलिया स्टेशन पर निर्धारित ठहराव नहीं है. आरोपित परिस्थितियों के अनुसार उसने चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास किया, इसी दौरान वह प्लेटफॉर्म पर गिर पड़ा. सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
गोपालगंज की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें
आरपीएफ ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया. मामले में आगे की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों ने बताया कि राजेश यादव की पत्नी मामूनी देवी और उनकी दो छोटी बेटियां अभी भी असम में रहती हैं. राजेश परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे. उनकी असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
रेलवे ने यात्रियों से की सावधानी बरतने की अपील
इस घटना के बाद यात्रियों से अपील की जा रही है कि चलती ट्रेन से चढ़ने या उतरने का प्रयास बिल्कुल न करें. रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन कर ही यात्रा करें, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











