गोपालगंज: लंबित सात सूत्री मांगों को लेकर कल्याण पदाधिकारियों का प्रदर्शन, काली पट्टी बांधकर सौंपा ज्ञापन
कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौपने के बाद कतर में खड़े कल्याण अधिकारियों की टीम | Prabhat Khabar Network
फुलवरिया में कल्याण पदाधिकारियों ने सात सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और डीएम को ज्ञापन सौंपा। मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
Gopalganj News : फुलवरिया जिले के अनुमंडल एवं प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों ने अपनी लंबित सात सूत्री मांगों को लेकर शुक्रवार को काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया. बिसवा संघ के बैनर तले एकजुट हुए पदाधिकारी समाहर्ता कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा.
जिलाधिकारी समेत अधिकारियों को सौंपा मांग पत्र
संघ के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कल्याण पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी, उप विकास आयुक्त और जिला कल्याण अधिकारी को संयुक्त मांग पत्र सौंपा. पदाधिकारियों ने कहा कि उनकी सात सूत्री मांगों को लेकर पहले भी अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री तथा विभाग के सचिव को कई बार आग्रह पत्र भेजा जा चुका है. इसके बावजूद विभागीय स्तर पर अब तक अपेक्षित पहल नहीं हुई है.
मांगों पर पहल नहीं होने से नाराजगी
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि मांगों को लेकर विभाग के स्तर पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें चरणबद्ध आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है. उन्होंने कहा कि सेवा शर्तों में सुधार और लंबित मांगों का समाधान उनका अधिकार है. यदि जल्द ही मांगों पर ठोस पहल नहीं की गयी, तो आंदोलन को और आगे बढ़ाया जायेगा.
कार्य बहिष्कार और सामूहिक अवकाश की चेतावनी
पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग की ओर से जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो वे कार्य बहिष्कार या सामूहिक अवकाश पर जाने जैसा कठोर फैसला ले सकते हैं.
कई प्रखंडों के अधिकारी रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान हथुआ के अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी अजीत कुमार गुप्ता, फुलवरिया के अरबिंद कुमार सिंह, भोरे के गौतम कुमार सिंह, थावे के चंचल कुमार, सिधवलिया के पुष्पराज कुमार, मांझा के अलाउदीन अंसारी, गोपालगंज सदर के राजेश कुमार और कुचायकोट की शिवानी दत्त समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए