गोपालगंज के विजयीपुर में बीससूत्री की बैठक, यूरिया की किल्लत और योजनाओं में गड़बड़ी पर उठे सवाल
बैठक मे उपस्थित सदस्य
विजयीपुर प्रखंड सभागार में बीससूत्री समिति की बैठक में यूरिया की किल्लत, राशन वितरण में गड़बड़ी और मनरेगा, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर गंभीरता से चर्चा हुई. समिति सदस्यों ने विभिन्न मुद्दों पर अधिकारियों से जवाब मांगा, जिन्होंने नियमानुसार जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया.
Government Scheme Review: विजयीपुर प्रखंड सभागार में मंगलवार को बीससूत्री समिति की बैठक अध्यक्ष नितेंद्र राय की अध्यक्षता में हुई. बैठक में प्रखंड में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति और उनके क्रियान्वयन को लेकर समिति सदस्यों ने अधिकारियों से कई सवाल किये. मनरेगा, कृषि, शिक्षा, आपूर्ति, नल-जल, प्रधानमंत्री आवास योजना, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य विभाग और पंचायतों में लगायी गयी सोलर लाइट समेत कई मुद्दे प्रमुखता से उठे.
आपके शहर में
यूरिया की किल्लत और अधिक कीमत पर बिक्री का मामला उठा
बैठक की शुरुआत में जगदीशपुर के पूर्व मुखिया सह समिति सदस्य संजय साहू, मनसा सिंह समेत अन्य सदस्यों ने क्षेत्र में यूरिया की किल्लत और निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद बेचने का मुद्दा उठाया. सदस्यों ने कहा कि किसानों को यूरिया के लिए भटकना पड़ रहा है. वहीं, विभाग को यह भी स्पष्ट जानकारी नहीं है कि किन दुकानों पर पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध है. इसको लेकर सदस्यों ने कृषि विभाग के प्रति नाराजगी जतायी.
किसानों के बीच अरहर, मक्का समेत अन्य बीजों के वितरण और इन बीजों से वास्तव में कितने किसानों ने खेती की, इसका ब्योरा भी मांगा गया.
दाखिल-खारिज और परिमार्जन में देरी पर सवाल
मृत्युंजय श्रीवास्तव, सत्येंद्र कुशवाहा, जयप्रकाश तिवारी और अनुराग शुक्ला ने भूमि सर्वे, दाखिल-खारिज और परिमार्जन में हो रही देरी का मुद्दा उठाया. सीओ राकेश कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है. जमाबंदी में त्रुटियों के सुधार के लिए ऑनलाइन शिकायत की व्यवस्था है. उन्होंने कर्मचारियों की कमी के कारण काम प्रभावित होने की बात भी कही.
स्कूलों में शिक्षकों की मनमानी का आरोप
शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सदस्यों ने सवाल उठाये. आरोप लगाया गया कि कुछ शिक्षक विद्यालय पहुंचकर केवल हाजिरी बनाने के बाद बाहर चले जाते हैं, जिससे पढ़ाई प्रभावित होती है. सदस्यों ने ऐसे शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
मनरेगा के पौधारोपण पर उठे सवाल
समिति सदस्य संजय साहू ने मनरेगा के तहत पौधारोपण और पौधों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाये. उन्होंने कहा कि पौधारोपण के नाम पर सरकारी राशि खर्च की जा रही है, लेकिन इसका अपेक्षित असर धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है. उन्होंने कागजों पर पौधारोपण दिखाये जाने का आरोप लगाते हुए वास्तविक स्थिति की जांच की मांग की.
राशन में कम अनाज देने का आरोप
आपूर्ति विभाग को लेकर भी सदस्यों ने शिकायतें रखीं. सदस्यों का आरोप था कि लाभुकों को निर्धारित पांच किलो अनाज के बजाय चार किलो अनाज दिया जा रहा है. इसके अलावा पैक्स में धान खरीद के दौरान प्रति क्विंटल दस किलो तक कटौती किये जाने का आरोप भी लगाया गया.
आंगनबाड़ी और नल-जल योजना पर भी चर्चा
आंगनबाड़ी केंद्रों में अनियमितता, पंचायतों में सफाई व्यवस्था, शौचालय निर्माण, नल-जल योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन को लेकर भी सदस्यों ने सवाल उठाये.
सदस्यों ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक लाभुकों तक पहुंचाने के लिए नियमित निगरानी और धरातलीय जांच जरूरी है. अधिकारियों ने उठाये गये मामलों की नियमानुसार जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाया.
बैठक में समिति अध्यक्ष नितेंद्र राय, उपाध्यक्ष नागमणि कुशवाहा, पूर्व मुखिया संजय साहू, नागेंद्र पांडेय, मनसा सिंह, अनुराग शुक्ला, सत्येंद्र कुशवाहा, बीडीओ मनोज कुमार, सीओ राकेश कुमार, थानाध्यक्ष गुलाम मुर्तजा, जेएसएस बसंत कुमार, नेहा सिंह, डॉ. रविशंकर मांझी, रितेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें:छात्रों से मिलने के बाद CM आवास पहुंचे चिराग पासवान, सम्राट चौधरी के सामने रखेंगे छात्रों की पूरी बात
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए