गोपालगंज के थावे मंदिर में पार्किंग शुल्क को लेकर कार्रवाई, 60 की जगह 80 रुपये वसूलने के आरोप में एक गिरफ्तार
थावे मंदिर की तस्वीर.
गोपालगंज के प्रसिद्ध थावे मंदिर में पार्किंग के नाम पर श्रद्धालुओं से ज़्यादा पैसे वसूलने का मामला सामने आया है. पुलिस ने वीडियो की जांच के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. एसपी ने लोगों से ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की है.
Thave Mandir Parking Fee: प्रसिद्ध थावे मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं से पार्किंग शुल्क के नाम पर निर्धारित राशि से अधिक वसूली के मामले में गोपालगंज पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस के अनुसार, कार पार्किंग के लिए 60 रुपये निर्धारित होने के बावजूद श्रद्धालुओं से 80 रुपये प्रति वाहन लिये जाने की शिकायत सामने आयी थी. मामले की जांच के बाद थावे थाना पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है.
वीडियो सामने आने के बाद शुरू हुई जांच
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को थावे मंदिर परिसर में पार्किंग के नाम पर अधिक राशि लिये जाने का वीडियो सामने आया था. वीडियो पुलिस तक पहुंचने के बाद थावे थाना की टीम ने मामले का सत्यापन शुरू किया. जांच के दौरान बंदोबस्तधारी और मेला ठेकेदार से भी पूछताछ की गयी.
जांच में वर्ष 2025 की पार्किंग शुल्क पर्ची पुलिस के सामने आयी, जिसमें कार पार्किंग के लिए 60 रुपये शुल्क निर्धारित था. पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2026 के निर्धारित पार्किंग शुल्क से संबंधित कोई शुल्क पर्ची या दस्तावेज जांच के दौरान प्रस्तुत नहीं किया गया.
60 रुपये की जगह 80 रुपये लेने का आरोप
पुलिस के अनुसार, जांच में यह बात सामने आयी कि श्रद्धालुओं और वाहन मालिकों से प्रति वाहन 60 रुपये की जगह 80 रुपये वसूले जा रहे थे. इसके बाद थावे थाना में 14 सितंबर को कांड संख्या 221/2026 दर्ज किया गया.
मामले में पुलिस ने अजय कुमार राम, पिता स्वर्गीय दयाशंकर राम, निवासी विदेशी टोला, थाना थावे, जिला गोपालगंज को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपित से पूछताछ की है और मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी. जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि पार्किंग शुल्क की वसूली की प्रक्रिया में कौन-कौन लोग शामिल थे और निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लिये जाने की स्थिति कैसे बनी.
एसपी ने श्रद्धालुओं से की अपील
गोपालगंज एसपी विनय तिवारी ने श्रद्धालुओं और आम लोगों से अपील की है कि पार्किंग के नाम पर मनमानी वसूली या किसी भी तरह की अवैध गतिविधि सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें. पुलिस के अनुसार, थावे मंदिर परिसर में विधि-व्यवस्था सामान्य है और श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा को लेकर निगरानी जारी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए