जयप्रकाश विश्वविद्यालय में स्नातक सेमेस्टर-5 परीक्षा फॉर्म भरने की तारीख फिर बढ़ी, अब 16 सितंबर तक मौका
फॉर्म भरने के लिए कमला राय कॉलेज पर लगी छात्राओं की भीड़ | Prabhat Khabar Network
जयप्रकाश विश्वविद्यालय ने स्नातक सीबीसीएस सत्र 2023-27 के सेमेस्टर-5 के विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 16 सितंबर तक बढ़ा दी है. तकनीकी परेशानियों और क्रेडिट अपडेट की समस्या को देखते हुए यह फैसला लिया गया है.
Gopalganj News : जयप्रकाश विश्वविद्यालय में स्नातक सीबीसीएस सत्र 2023-27 के सेमेस्टर-5 की परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को एक बार फिर राहत मिली है. कॉलेजों में छात्रों की भीड़, ऑनलाइन फॉर्म भरने में आ रही तकनीकी परेशानी और कई विद्यार्थियों का क्रेडिट अपडेट पूरा नहीं होने के कारण विश्वविद्यालय ने परीक्षा फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है. अब विद्यार्थी 16 सितंबर तक ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने के बाद जरूरी कागजात अपने संबंधित कॉलेज में जमा कर सकेंगे. पहले इसकी अंतिम तिथि 12 सितंबर निर्धारित थी.
16 सितंबर तक कॉलेज में जमा करना होगा फॉर्म
विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के पोर्टल पर ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने के साथ 600 रुपये परीक्षा शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा. आवेदन पूरा होने के बाद फॉर्म और शुल्क भुगतान की रसीद का प्रिंट निकालकर कॉलेज में जमा करना होगा. इसके साथ सेमेस्टर-1 से 4 तक के अंकपत्र, प्रवेश पत्र, पंजीयन पत्र समेत अन्य जरूरी कागजात देने होंगे. कॉलेज में दस्तावेजों की जांच और सत्यापन के बाद ही फॉर्म विश्वविद्यालय भेजा जायेगा.
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि तिथि बढ़ने से उन विद्यार्थियों को राहत मिली है, जो अंतिम समय में फॉर्म भरने और कागजात के सत्यापन को लेकर परेशान थे. सेमेस्टर-5 के विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप पूरी करना और जरूरी क्रेडिट अपडेट होना भी महत्वपूर्ण है.
क्रेडिट अपडेट नहीं होने से भी आ रही थी परेशानी
कई विद्यार्थियों का क्रेडिट अपडेट पूरा नहीं होने के कारण ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने में परेशानी आ रही थी. इसके अलावा विश्वविद्यालय के पोर्टल पर तकनीकी समस्या के कारण भी विद्यार्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा. इन्हीं समस्याओं को देखते हुए विश्वविद्यालय ने छात्रहित में परीक्षा फॉर्म भरने की समय सीमा बढ़ायी है.
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित शर्तें पूरी करने वाले विद्यार्थियों का ही परीक्षा फॉर्म स्वीकार किया जायेगा. इसलिए विद्यार्थियों को इंटर्नशिप और क्रेडिट से जुड़ी जरूरी प्रक्रिया समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया है.
18 सितंबर तक विश्वविद्यालय में जमा होगा रिकॉर्ड
विद्यार्थियों से परीक्षा फॉर्म और कागजात लेने के बाद कॉलेजों को संकायवार और विषयवार समेकित सूची तैयार करनी होगी. इसके साथ परीक्षा फॉर्म, समेकित सूची और उसकी कंप्यूटरीकृत कॉपी पेन ड्राइव में रखकर विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग में जमा करनी होगी.
कॉलेजों को यह पूरी प्रक्रिया 18 सितंबर तक पूरी करने का निर्देश दिया गया है. विश्वविद्यालय ने कॉलेजों को विद्यार्थियों के फॉर्म और कागजात की जांच में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा है.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए