सेमेस्टर-3 परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि फिर बढ़ी, अब 23 जुलाई तक करें आवेदन, 28 जुलाई से होगी परीक्षा

जेपीयू ने स्नातक सेमेस्टर-3 परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 23 जुलाई तक बढ़ा दी है। छात्र 28 जुलाई से शुरू होने वाली परीक्षा के लिए जल्द आवेदन करें।
Gopalganj News : जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) ने स्नातक सत्र 2024-28 के सीबीसीएस आधारित सेमेस्टर-3 परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि एक बार फिर बढ़ा दी है. पहले छात्रों को 20 जुलाई तक परीक्षा फॉर्म भरना था, लेकिन बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सुविधा और आवेदन प्रक्रिया को देखते हुए विश्वविद्यालय ने अब इसे 23 जुलाई तक बढ़ा दिया है. नई व्यवस्था के तहत छात्र-छात्राएं 21 से 23 जुलाई तक अपने संबंधित कॉलेजों में परीक्षा प्रपत्र और आवश्यक दस्तावेज जमा कर सकेंगे. वहीं, कॉलेजों को सभी आवेदन का सत्यापन कर 24 जुलाई तक समेकित सूची और पेन ड्राइव के साथ विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग में भेजना होगा। विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि सेमेस्टर-3 की परीक्षा 28 जुलाई से पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही शुरू होगी. ऐसे में जिन विद्यार्थियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उनके लिए यह अंतिम अवसर माना जा रहा है.
दस्तावेजों की होगी बारीकी से जांच:- परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशोक कुमार मिश्रा ने सभी प्राचार्यों को निर्देश दिया है कि परीक्षा फॉर्म का सत्यापन पूरी सावधानी से करें. छात्र का नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, पंजीयन संख्या, विषय और परीक्षा क्रमांक सहित सभी विवरण ऑनलाइन मिलान कर ही आवेदन को स्वीकृत किया जाए. यदि किसी प्रकार की त्रुटि मिले तो उसका ऑनलाइन सुधार कर दिया जाए, ताकि बाद में प्रवेश पत्र जारी करने में किसी तरह की परेशानी न हो. विश्वविद्यालय ने चेतावनी दी है कि बिना पंजीकरण वाले किसी छात्र का परीक्षा फॉर्म अग्रसारित होने पर संबंधित प्राचार्य और सत्यापन पदाधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी. -------------------- 28 क्रेडिट वाले छात्र ही है फॉर्म भरने के पात्र:- विश्वविद्यालय के नियम के अनुसार बताया भी गया है कि केवल वही छात्र-छात्राएं परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे, जिन्होंने सेमेस्टर-1 और सेमेस्टर-2 में मिलाकर कम से कम 28 क्रेडिट प्राप्त किए हैं. परीक्षा शुल्क 600 रुपये निर्धारित किया गया है. ऑनलाइन आवेदन करने के बाद अंकपत्र, प्रवेश पत्र, पंजीयन पत्र, शुल्क भुगतान की रसीद तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज संबंधित कॉलेज में जमा करना अनिवार्य है. दस्तावेज अधूरे रहने पर आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा. जिले के कमला राय कॉलेज, महेंद्र महिला महाविद्यालय सहित सभी अंगीभूत और संबद्ध डिग्री कॉलेजों में परीक्षा फॉर्म जमा करने के लिए छात्र-छात्राओं की भीड़ बढ़ गई है. कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों से अंतिम समय का इंतजार नहीं करने और सभी जरूरी कागजात के साथ समय पर आवेदन जमा करने की अपील की है, ताकि 28 जुलाई से शुरू होने वाली परीक्षा में शामिल होने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










