गोपालगंज में लीथियम आयन प्लांट की स्थापना को लेकर उद्योग मंत्री से मिले रवि पांडेय, जल्द काम शुरू कराने पर हुई चर्चा
उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह से मिले पीके | Prabhat Khabar Network
गोपालगंज में श्री शिर्डी साईनाथ पावर इन्फ्राटेक का लिथियम आयन प्लांट लगेगा. कंपनी डायरेक्टर रवि पांडेय ने उद्योग मंत्री से मिलकर स्थापना प्रक्रिया पर चर्चा की. यह परियोजना बिहार, झारखंड और ओडिशा के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
Gopalganj News : गोपालगंज जिले में प्रस्तावित श्री शिर्डी साईनाथ पावर इन्फ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के लीथियम आयन प्लांट की स्थापना को लेकर कंपनी के डायरेक्टर रवि पांडेय ने सोमवार को उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह से मुलाकात की. पटना में हुई बैठक में उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार और बियाडा के एमडी नवीन कुमार भी मौजूद रहे. इस दौरान गोपालगंज में प्रस्तावित प्लांट की स्थापना की प्रक्रिया, विभागीय सहयोग और परियोजना का काम जल्द धरातल पर उतारने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई.
प्लांट की तैयारियों और स्थापना प्रक्रिया की दी जानकारी
रवि पांडेय ने उद्योग मंत्री को प्रस्तावित प्लांट की योजना और अब तक की गयी तैयारियों की जानकारी दी. उन्होंने परियोजना से जुड़े कार्यों को गति देने के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आग्रह किया. इस पर उद्योग मंत्री ने परियोजना को लेकर सकारात्मक रुख जताया और विभाग की ओर से जरूरी सहयोग तथा तेजी से कार्रवाई का भरोसा दिया.
शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगी उद्योग मंत्री
मुलाकात के दौरान उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने प्रस्तावित लीथियम आयन प्लांट के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने पर भी सहमति जतायी. मंत्री के इस आश्वासन पर रवि पांडेय ने प्रसन्नता जतायी. उन्होंने कहा कि प्लांट की स्थापना से गोपालगंज में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नये अवसर पैदा होने की उम्मीद है.
बिहार, झारखंड और ओडिशा के लिए महत्वपूर्ण परियोजना
कंपनी की ओर से बताया गया कि गोपालगंज में प्रस्तावित लीथियम आयन प्लांट को बिहार, झारखंड और ओडिशा में अपनी तरह की पहली परियोजना होने का दावा किया जा रहा है. परियोजना के शुरू होने से लीथियम आयन बैटरी से जुड़े उद्योग को बढ़ावा मिलने और बिहार को इस क्षेत्र में नयी पहचान मिलने की उम्मीद जतायी गयी है.
स्थानीय कारोबार और रोजगार को भी मिलेगी गति
प्लांट स्थापित होने से गोपालगंज में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना है. इसके साथ ही स्थानीय कारोबार और अन्य औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है. उद्योग विभाग की ओर से मिले सकारात्मक आश्वासन के बाद परियोजना के जल्द आगे बढ़ने की उम्मीद जगी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए