गोपालगंज के 27 निजी स्कूलों पर कार्रवाई की तैयारी, तीन दिन में मांगा स्पष्टीकरण; प्रस्वीकृति रद्द होने की चेतावनी
AI से बनाई गई तस्वीर
गोपालगंज के 27 निजी स्कूलों पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है। सरकारी योजनाओं के तहत पोर्टलों पर पंजीकरण और विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने में लापरवाही बरतने पर शिक्षा विभाग ने स्कूलों को नोटिस थमाया है। तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण न देने पर स्कूलों की मान्यता रद्द की जा सकती है।
Gopalganj News : सरकारी आदेशों के अनुपालन में लापरवाही बरतना जिले के 27 निजी स्कूलों को भारी पड़ सकता है. सरकारी योजनाओं से जुड़े विभिन्न पोर्टलों पर पंजीकरण नहीं कराने और विद्यार्थियों की अपार आइडी बनाने में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर शिक्षा विभाग ने इन स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है.
जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार पाण्डेय के निर्देश पर एसएस के डीपीओ शिवम ने संबंधित स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है. विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में जवाब नहीं देने और विभागीय निर्देशों का अनुपालन नहीं करने पर स्कूलों की प्रस्वीकृति रद्द करने की कार्रवाई की जा सकती है.
पांच सरकारी पोर्टल पर नहीं कराया गया पंजीकरण
विभागीय निर्देश के अनुसार निजी स्कूलों को एसएचवीआर एप, ईको क्लब, विद्यांजली पोर्टल, इंस्पायर्ड अवार्ड और नशा मुक्त भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराना था. इसके साथ ही स्कूल में नामांकित विद्यार्थियों की अपार आइडी बनाने का भी निर्देश दिया गया था.
विभाग का कहना है कि लगातार निर्देश दिये जाने के बावजूद 27 स्कूलों ने अपेक्षित कार्रवाई नहीं की. इसे विभागीय आदेशों की अनदेखी मानते हुए संबंधित स्कूल प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगा गया है.
राज्य स्तरीय बैठक में सामने आया मामला
बताया गया कि राज्य कार्यालय में हुई बैठक के दौरान सरकारी योजनाओं से जुड़े पोर्टलों पर कई स्कूलों का पंजीकरण नहीं होने का मामला सामने आया. इसके बाद राज्य स्तर से संबंधित स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया गया.
राज्य कार्यालय से निर्देश मिलने के बाद जिला शिक्षा विभाग ने संबंधित 27 निजी स्कूलों को नोटिस जारी किया है. अब स्कूल प्रबंधन को निर्धारित समय के भीतर अपना पक्ष विभाग के समक्ष रखना होगा.
प्रस्वीकृति के नवीनीकरण पर भी पड़ सकता है असर
शिक्षा विभाग ने संकेत दिया है कि निर्धारित समय में निर्देशों का अनुपालन नहीं करने वाले स्कूलों की प्रस्वीकृति के नवीनीकरण पर भी रोक लग सकती है. आगे की कार्रवाई जिला प्रस्वीकृति समिति के निर्णय के आधार पर की जायेगी.
संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को भी स्कूल प्रबंधन से समन्वय स्थापित कर विभागीय निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है.
इन 27 निजी स्कूलों को जारी हुआ नोटिस
- सरस्वती ज्ञानोदय एकेडमी, विजयीपुर
- न्यू ब्लोशम पब्लिक स्कूल, विजयीपुर
- सेंट जोसेप्स स्कूल, विजयीपुर
- दुर्गा शिला सदन स्कूल, कटेया
- न्यू सेंट्रल पब्लिक स्कूल, विजयीपुर
- नेशनल कॉन्वेंट स्कूल, विजयीपुर
- सेंट जोसेफ मिशन स्कूल, विजयीपुर
- डॉ. भीमराव अंबेडकर शिक्षण संस्थान, विजयीपुर
- भरोसा शिक्षण संस्थान, भोरे
- पीडी सेंट्रल एकेडमी, पंचदेवरी
- डीआरएम पब्लिक स्कूल, पंचदेवरी
- बीबीसी किड्स ग्रोविंस स्कूल, कुचायकोट
- वीएस पैराडाइज स्कूल, कुचायकोट
- पूजन देव मिश्र पब्लिक स्कूल, फुलवरिया
- एसएस पब्लिक स्कूल, हथुआ
- वनारस हेरिटेज स्कूल, हथुआ
- रॉयल किड्स एकेडमी, हथुआ
- एसएस पब्लिक स्कूल, उचकागांव
- सेंट जेबियर एकेडमी, उचकागांव
- नेशनल मॉडर्न हाई स्कूल, थावे
- ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल, गोपालगंज
- मेरीडियन द स्कूल, गोपालगंज
- ज्ञान सरोवर पब्लिक स्कूल, बरौली
- इन्द्रदेव इंटरनेशनल एकेडमी स्कूल, सिधवलिया
- बीसडॉम इंटरनेशनल स्कूल, मांझा
- एससी पब्लिक स्कूल, सिधवलिया
- मॉडर्न पब्लिक स्कूल, सिधवलिया
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए