जयप्रकाश विश्वविद्यालय में PG की दूसरी मेधा सूची में नाम, समर्थ पोर्टल पर डिटेल गायब; नामांकन के लिए भटकते रहे छात्र

Updated:
विज्ञापन

नामांकन की जानकारी लेने पहुंचे कॉलेज | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

जयप्रकाश विश्वविद्यालय में पीजी नामांकन के दौरान छात्रों को समर्थ पोर्टल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है. दूसरी मेधा सूची जारी होने के बावजूद कई छात्रों का विवरण पोर्टल पर अपडेट नहीं होने से वे कॉलेज और पोर्टल के बीच चक्कर काटने को मजबूर हैं.

विज्ञापन

JP University : जयप्रकाश विश्वविद्यालय में पीजी नामांकन की दूसरी मेधा सूची जारी होते ही छात्रों की परेशानी सामने आ गयी है. मेधा सूची में नाम आने के बाद नामांकन कराने कॉलेज पहुंचे कई विद्यार्थियों का डिटेल समर्थ पोर्टल पर अपडेट नहीं मिला. पोर्टल पर रिकॉर्ड नहीं दिखने के कारण छात्र कॉलेज और ऑनलाइन पोर्टल के बीच दिनभर चक्कर लगाते रहे. नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन पोर्टल की समस्या ने विद्यार्थियों के सामने नया संकट खड़ा कर दिया है.

विज्ञापन

दूसरी मेधा सूची के आधार पर 16 सितंबर तक नामांकन

विश्वविद्यालय ने शुक्रवार को पीजी सीबीसीएस प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-28 की दूसरी मेधा सूची जारी की है. इसके आधार पर 12 से 16 सितंबर तक नामांकन होना है. चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित अवधि में कागजातों का सत्यापन कराने के साथ नामांकन शुल्क भी जमा करना है.

लेकिन कई छात्रों का डिटेल समर्थ पोर्टल पर नहीं आने से ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया पूरी करने में परेशानी हो रही है. विद्यार्थियों का कहना है कि मेधा सूची में नाम आने के बावजूद पोर्टल पर रिकॉर्ड नहीं दिख रहा है. ऐसे में शुल्क जमा कर नामांकन की प्रक्रिया कैसे पूरी होगी, इसे लेकर वे परेशान हैं.

करीब 20 दिन बाद जारी हुई दूसरी सूची

पीजी की दूसरी मेधा सूची पहली सूची के नामांकन के करीब 20 दिन बाद जारी की गयी है. लंबे इंतजार के बाद दूसरी सूची जारी होने से छात्रों को राहत मिली थी. लेकिन नामांकन शुरू होते ही समर्थ पोर्टल पर डिटेल अपडेट नहीं होने की समस्या सामने आ गयी.

कई छात्र कॉलेज पहुंचकर कर्मियों से जानकारी लेते रहे. वहीं, पोर्टल पर रिकॉर्ड नहीं आने के कारण नामांकन की प्रक्रिया को लेकर उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी. छात्रों को आशंका है कि तकनीकी समस्या के कारण निर्धारित समय सीमा में नामांकन नहीं हो पाया, तो उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

तीन कॉलेजों में 416 सीटों पर होना है दाखिला

गोपालगंज के तीन अंगीभूत कॉलेजों में पीजी की कुल 416 सीटें निर्धारित हैं. इनमें कमला राय कॉलेज में 224, महेंद्र महिला कॉलेज में 96 और गोपेश्वर कॉलेज, हथुआ में 96 सीटें शामिल हैं. पहली मेधा सूची के बाद रिक्त रह गयी सीटों पर दूसरी मेधा सूची के आधार पर नामांकन लिया जाना है.

इन कॉलेजों में हिंदी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, मनोविज्ञान, गृह विज्ञान, गणित और रसायन विज्ञान विषयों में पीजी की पढ़ाई होती है.

16 तक नामांकन, 18 सितंबर से शुरू होनी हैं कक्षाएं

चयनित विद्यार्थियों को 16 सितंबर तक नामांकन पूरा करना है. इसके लिए आवेदन फॉर्म, अलॉटमेंट लेटर, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, अंकपत्र, आधार और अपार आइडी समेत जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे. नामांकन शुल्क समर्थ पोर्टल के माध्यम से जमा किया जाना है.

विश्वविद्यालय ने जरूरत पड़ने पर छुट्टी के दिन भी नामांकन कराने का निर्देश दिया है. वहीं, 18 सितंबर से कक्षाएं शुरू करने की तैयारी है. ऐसे में यदि समर्थ पोर्टल की समस्या जल्द दूर नहीं हुई, तो तय समय सीमा में नामांकन पूरा करना छात्रों के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन