गोपालगंज : क्या जल्द शुरू होगी सबेया एयरफील्ड सेवा? केंद्रीय मंत्री से मिले सांसद आलोक सुमन
आलोक कुमार सुमन और केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू
Gopalganj Sabeya Airfield : गोपालगंज सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन ने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री से मिलकर हथुआ के सबेया एयरफील्ड को उड़ान योजना के तहत जल्द शुरू कराने का आग्रह किया है. यह एयरफील्ड क्षेत्रीय संपर्क बढ़ाएगा और प्रवासी श्रमिकों को राहत देगा.
Gopalganj Sabeya Airfield : गोपालगंज सांसद सह जद(यू.) राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ. आलोक कुमार सुमन ने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात कर हथुआ अनुमंडल स्थित सबेया एयरफील्ड को क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस)-उड़ान के तहत जल्द चालू कराने का आग्रह किया. इस दौरान उन्होंने एयरफील्ड से जुड़ी तैयारियों और क्षेत्र की जरूरतों का उल्लेख करते हुए मंत्री को विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा.
एयरफील्ड की तैयारियों की दी जानकारी
सांसद ने बताया कि सबेया एयरफील्ड एक रक्षा एयरफील्ड है, जिसे पहले ही उड़ान योजना में शामिल किया जा चुका है. यह लगभग 473 एकड़ क्षेत्र में फैला है, जिसमें 280 एकड़ भूमि परिचालन के लिए उपलब्ध है. रक्षा मंत्रालय से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मिलने के बाद सांसद निधि से सीमांकन और पिलरिंग का कार्य कराया गया. वहीं 4.41 करोड़ रुपये की लागत से बाउंड्री पिलरिंग और फेंसिंग का कार्य भी पूरा हो चुका है.
प्रवासी लोगों और आसपास के जिलों को होगा लाभ
सांसद ने कहा कि गोपालगंज और सीवान के बड़ी संख्या में लोग रोजगार के लिए खाड़ी देशों में कार्यरत हैं. हवाई संपर्क उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें लंबी दूरी सड़क मार्ग से तय करनी पड़ती है. एयरफील्ड शुरू होने से यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा. इसके साथ ही आसपास के कई जिलों और उत्तर प्रदेश के देवरिया क्षेत्र के लोगों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है.
मंत्री ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ने सांसद की मांग को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों के साथ पूरे मामले की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया. सांसद ने उम्मीद जताई कि एयरफील्ड शुरू होने से क्षेत्रीय विकास, निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे.
Also Read : गोपालगंज के स्कूलों में नया नियम, अब बच्चों से पहले शिक्षक चखेंगे मिड-डे मील, शिक्षा विभाग का सख्त आदेश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











