गोपालगंज के मोहन गुप्ता हत्याकांड का मुख्य आरोपित गिरफ्तार, पागरा बाजार से पुलिस ने दबोचा
सांकेतिक तस्वीर.
विजयीपुर थाना क्षेत्र के मोहन गुप्ता हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मुख्य आरोपी सत्येंद्र गुप्ता को पागरा बाजार से गिरफ्तार कर लिया गया है. जमीन विवाद में हुई थी हत्या, पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है.
Mohan Gupta Murder Case: विजयीपुर थाना क्षेत्र के घाट बंधौरा गांव में चर्चित मोहन गुप्ता हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने मामले में फरार चल रहे नामजद मुख्य आरोपित सत्येंद्र गुप्ता को पागरा बाजार से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपित घाट बंधौरा गांव का निवासी है.
सास को इलाज के लिए देवरिया ले जा रहा था आरोपित
पुलिस के अनुसार, सत्येंद्र गुप्ता अपनी सास को इलाज के लिए देवरिया ले जा रहा था. इसी दौरान थानाध्यक्ष गुलाम मुर्तजा को उसके पागरा बाजार में मौजूद होने की गुप्त सूचना मिली. सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम गठित की.
थानाध्यक्ष ने एएसआई गोपाल जी राय के साथ पुलिस टीम को पागरा बाजार भेजा. टीम ने छापेमारी कर सत्येंद्र गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया.
जमीन पर ईंट रखने को लेकर हुआ था विवाद
बताया जाता है कि 14 जून को घाट बंधौरा गांव में जमीन पर ईंट रखने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया. घटना में करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए थे.
मारपीट में गंभीर रूप से घायल मोहन गुप्ता को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हालत गंभीर होने पर उन्हें पटना ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी.
आठ नामजद समेत अज्ञात पर दर्ज हुई प्राथमिकी
घटना के बाद विजयीपुर थाने में कांड संख्या 192/26 के तहत हत्या समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. मामले में आठ नामजद आरोपितों के अलावा कुछ अज्ञात लोगों को भी आरोपित बनाया गया है.
पुलिस के अनुसार, अब तक मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. सत्येंद्र गुप्ता की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य फरार आरोपितों की तलाश में जुटी है.
पुराने भूमि विवाद को लेकर हुई थी मारपीट
पुलिस के अनुसार, मोहन गुप्ता और सत्येंद्र गुप्ता के बीच जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था. इसी विवाद के दौरान 14 जून को दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी. इसमें मोहन गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए थे और बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी.
पुलिस अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए