JPU UG Exam: बिना अंकपत्र फॉर्म भरने की मजबूरी, जेपीयू ने 18 सितंबर तक बढ़ाई परीक्षा फॉर्म की तिथि
परीक्षा फॉर्म भरने को लेकर कॉलेज में जुटे विद्यार्थी | Prabhat Khabar Network
जेपीयू स्नातक के छात्रों के लिए सेमेस्टर 2 परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 18 सितंबर तक बढ़ा दी गई है. सेमेस्टर 1 का अंकपत्र न मिलने के बावजूद छात्र फॉर्म भरने को मजबूर हैं. जानें पूरी प्रक्रिया और नियमों की जानकारी.
JPU UG Exam: जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) के स्नातक चार वर्षीय सत्र 2025-29 के विद्यार्थियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. विश्वविद्यालय प्रशासन ने सेमेस्टर 2 का परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि भले ही आगे बढ़ा दी है, लेकिन सेमेस्टर 1 का मूल अंकपत्र अब तक अधिकांश विद्यार्थियों को उपलब्ध नहीं कराया जा सका है. ऐसे में छात्र बिना अंकपत्र के ही सेमेस्टर 2 का ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने और संबंधित कॉलेजों में उसका भौतिक सत्यापन कराने को मजबूर हैं.
छात्रों का कहना है कि जब सेमेस्टर 1 का अंकपत्र ही नहीं मिला, तो फॉर्म के साथ इसे कैसे संलग्न किया जाए. हालांकि पोर्टल में आ रही तकनीकी दिक्कतों और छात्रों की मांग को देखते हुए विश्वविद्यालय ने अंतिम तिथि 8 सितंबर से बढ़ाकर 18 सितंबर कर दी है.
सेमेस्टर वन का अंकपत्र न मिलने से सत्यापन में संशय
सेमेस्टर 2 के परीक्षा प्रपत्र में सेमेस्टर 1 के अंकपत्र और प्रवेश पत्र समेत अन्य अभिलेखों की मांग की गई है. लेकिन अंकपत्र कॉलेज न पहुंचने के कारण छात्र केवल पंजीयन और प्रवेश पत्र के आधार पर ही प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं. विद्यार्थियों की मुख्य चिंता यह है कि यदि बाद में अंकपत्र मिलने पर कोई विसंगति सामने आई, तो उसकी जवाबदेही किस पर होगी. उधर, कॉलेज प्रशासन का कहना है कि विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर ही औपबंधिक रूप से फॉर्म का सत्यापन किया जा रहा है.
600 रुपये ऑनलाइन परीक्षा शुल्क, कागजात जमा करने के नियम
सेमेस्टर 2 का परीक्षा फॉर्म भरने के लिए विद्यार्थियों को 600 रुपये का परीक्षा शुल्क ऑनलाइन पोर्टल पर जमा करना होगा. शुल्क भुगतान के बाद विद्यार्थियों को चालान रसीद और भरे हुए परीक्षा प्रपत्र का प्रिंटआउट निकालकर अपने कॉलेज में जमा करना अनिवार्य है.
इसके साथ सेमेस्टर 1 का प्रवेश पत्र, विश्वविद्यालय पंजीयन पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों की छायाप्रति संलग्न करनी होगी. कॉलेज प्रशासन ने छात्रों को फॉर्म में अपना नाम, पंजीयन संख्या और विषयों का चयन पूरी सावधानी से करने का परामर्श दिया है.

18 सितंबर तक छात्र और 20 तक कॉलेज जमा करेंगे परीक्षा प्रपत्र
विश्वविद्यालय की ओर से जारी संशोधित अधिसूचना के अनुसार छात्र 18 सितंबर तक ऑनलाइन फॉर्म भरकर कॉलेज में जमा कर सकते हैं. इसके बाद कॉलेज स्तर पर सभी प्रपत्रों और दस्तावेजों की संकायवार जांच की जाएगी.
कॉलेज प्रशासन 20 सितंबर तक सभी वैध परीक्षा प्रपत्र और समेकित सूची विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग को प्रेषित करेंगे. विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल पंजीकृत विद्यार्थियों का ही परीक्षा फॉर्म स्वीकार किया जाएगा. बिना वैध पंजीयन वाले किसी भी छात्र का फॉर्म सत्यापित करने पर संबंधित प्राचार्य और सत्यापन पदाधिकारी व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए