'विकास कार्यों में बहानेबाजी नहीं चलेगी...' गोपालगंज में समीक्षा बैठक के दौरान अफसरों पर क्यों तल्ख हुए कृषि मंत्री?

Updated:
विज्ञापन

जिले के योजनाओं की समीक्षा करते कृषि मंत्री व डीएम| Prabhat Khabar Network

गोपालगंज में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने समीक्षा बैठक कर कटेया औद्योगिक क्षेत्र और सड़क परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए हैं.

विज्ञापन

Gopalganj News: जिले में चल रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की प्रगति और धरातल पर उनकी वास्तविक स्थिति की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभा कक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता बिहार सरकार के कृषि मंत्री सह गोपालगंज के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने की.

लापरवाही और अनावश्यक देरी पर सख्त रुख

बैठक के दौरान विभागवार योजनाओं की प्रगति, कार्य प्रारंभ होने की स्थिति, भूमि अधिग्रहण, निर्माण की गति, निर्धारित समय-सीमा तथा कार्य पूर्ण होने में आ रही बाधाओं की बिंदुवार जानकारी ली गई. कृषि मंत्री ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं में अनावश्यक विलंब कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण, तकनीकी स्वीकृति या प्रशासनिक अड़चनों को आपसी समन्वय से तत्काल दूर कर काम पूरा कराया जाए.

कटेया औद्योगिक क्षेत्र और गोपालगंज बाइपास पर जोर

समीक्षा के दौरान कटेया औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए चिन्हित स्थल को विजयीपुर-देवरिया सड़क से जोड़ने वाले बाइपास सड़क निर्माण पर विशेष चर्चा की गई. लगभग 5.75 किलोमीटर लंबी इस सड़क परियोजना की अनुमानित लागत करीब 47.34 करोड़ रुपये है, जिसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है.

वहीं, पथ प्रमंडल गोपालगंज अंतर्गत दो लेन पक्के सोल्डर सहित गोपालगंज बाइपास निर्माण योजना (एनएच-27 से एनएच-531 तक) की भी समीक्षा हुई. लगभग 12.60 किलोमीटर लंबी इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 103.51 करोड़ रुपये है, जिसे अप्रैल 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.

मीरगंज-भोरे पथ और मीरगंज बाइपास की समीक्षा

बैठक में 29.14 किलोमीटर लंबे मीरगंज-भोरे पथ के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य की समीक्षा की गई. इसके साथ ही मीरगंज बाइपास (लंबाई लगभग 3.264 किमी), आरओबी (ROB) एवं बॉक्स कल्वर्ट से संबंधित प्रस्तावित परियोजना और भूमि अधिग्रहण की स्थिति पर भी प्रगति रिपोर्ट ली गई.

फोटो नं 15- समीक्षा बैठक में शामिल अधिकारी | Prabhat Khabar Network
समीक्षा बैठक में शामिल अधिकारी | Prabhat Khabar Network

नहर प्रणालियों का पुनर्स्थापन और थावे मंदिर का कायाकल्प

सिंचाई योजनाओं की समीक्षा के तहत सारण मुख्य नहर, विष्णुपुर वितरणी, सिधवलिया वितरणी एवं पश्चिमी गंडक नहर प्रणाली के पुनर्स्थापन कार्य का जायजा लिया गया. वर्तमान में खरीफ अवधि में नहर संचालन के कारण प्रभावित कार्यों को नहर बंद होते ही तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया गया. इसके अलावा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल थावे मंदिर परिसर के विकास एवं जीर्णोद्धार कार्यों की गति की भी समीक्षा की गई.

डीएम ने समय-सीमा में काम पूरा कराने का दिया निर्देश

बैठक में डीएम समीर सौरभ ने सभी योजनाओं की अद्यतन स्थिति से मंत्री को अवगत कराया और संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण काम करने के सख्त निर्देश दिए.

समीक्षा बैठक में ये गणमान्य रहे मौजूद

इस उच्चस्तरीय बैठक में बरौली विधायक मनजीत सिंह, सदर विधायक सुभाष सिंह, विधान परिषद सदस्य (MLC) राजीव कुमार, 20 सूत्रीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सदस्य, भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप कुमार उर्फ मंटू गिरि, जदयू के आदित्य शंकर शाही सहित जिला प्रशासन के तमाम वरीय अधिकारी मौजूद रहे.

Also Read: 'घर-बार छूटा, अपने खोए...' गोपालगंज में जब याद आया विभाजन का खौफनाक दर्द, तो मंच से क्या बोले कृषि मंत्री?


विज्ञापन
संजय कुमार अभय

लेखक के बारे में

By संजय कुमार अभय

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन