गोपालगंज: मांझा में मादक पदार्थ के साथ युवक गिरफ्तार, 20 पुड़िया और तीन चाकू बरामद
फोटो नं 104.थाने में गिरफ्तार मादक तस्कर की तस्वीर. | Prabhat Khabar Network
गोपालगंज के मांझा थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर 47 ग्राम गांजा और तीन चाकू बरामद किए हैं। एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
Gopalganj News : मांझा थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 47 ग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ और तीन चाकू बरामद किये हैं. पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपित की पहचान श्रीरामपुर गांव निवासी कृष्णा ठाकुर के पुत्र सनोज कुमार के रूप में हुई है.
घर से मादक पदार्थ बेचने की मिली थी सूचना
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर की शाम गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि श्रीरामपुर गांव में एक व्यक्ति अपने घर से गांजा जैसा मादक पदार्थ बेच रहा है. सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए थानाध्यक्ष ने वरीय अधिकारियों को जानकारी दी. इसके बाद अंचलाधिकारी के साथ पुलिस टीम बताए गये स्थान पर पहुंची.
पुलिस को देखते ही भागने लगा युवक
पुलिस टीम को देखते ही एक व्यक्ति मौके से भागने का प्रयास करने लगा. पुलिस बल की मदद से उसे पकड़ लिया गया. पूछताछ में उसने अपना नाम सनोज कुमार बताया. इसके बाद पुलिस टीम ने उसके नये घर की विधिवत तलाशी ली.
लाल प्लास्टिक के थैले में मिलीं 20 पुड़िया
तलाशी के दौरान लाल रंग के प्लास्टिक के थैले में सफेद प्लास्टिक से लिपटी 20 पुड़िया बरामद हुईं. पुड़िया खोलने पर उनमें गांजा जैसा मादक पदार्थ मिला. इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर बरामद पदार्थ की कुल मात्रा 47 ग्राम पायी गयी.
घर से तीन चाकू भी हुए बरामद
पुलिस ने तलाशी के दौरान घर से तीन चाकू भी बरामद किये. बरामद मादक पदार्थ और अन्य सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया. इसके बाद सनोज कुमार को गिरफ्तार कर थाने लाया गया.
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपित
पुलिस ने मामले में मांझा थाना में दर्ज कांड के आधार पर गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस अब मादक पदार्थ के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए