गोपालगंज: ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए राहत, अब 25 दिन में बुक होगा LPG सिलेंडर
AI से बनाई गई तस्वीर
केंद्र सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों के लिए गैस सिलेंडर बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब ग्रामीण उपभोक्ता 25 दिन में ही नया सिलेंडर बुक कर सकेंगे।
Gopalganj News : ग्रामीण क्षेत्रों में रसोई गैस का इस्तेमाल करने वाले करोड़ों परिवारों के लिए राहत की खबर है. केंद्र सरकार के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने ग्रामीण इलाकों में एलपीजी रीफिल बुकिंग के अंतर को घटा दिया है. अब ग्रामीण उपभोक्ता भी शहरी उपभोक्ताओं की तरह पिछला सिलेंडर मिलने के 25 दिन बाद ही अगला सिलेंडर बुक करा सकेंगे. सरकार के इस फैसले से ग्रामीण उपभोक्ताओं में खुशी है.
45 दिन की पाबंदी से अब मिली राहत
मध्य पूर्व में जारी तनाव और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण एलपीजी की वैश्विक आपूर्ति पर दबाव बढ़ गया था. आपूर्ति को संतुलित रखने और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में सिलेंडर की अगली बुकिंग के लिए 45 दिन का अंतर अनिवार्य किया गया था. वहीं, शहरी उपभोक्ताओं के लिए यह अवधि 25 दिन रखी गयी थी.
एलपीजी आपूर्ति में सुधार के बाद बदला नियम
निधि एचपी गैस के संचालक निधिकांत पाठक, भारत गैस के अभिषेक श्रीवास्तव और इंडेन गैस एजेंसी के नागेंद्र कुमार ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एलपीजी की आपूर्ति में अब काफी सुधार हुआ है. रीफिल का पुराना बैकलॉग भी पूरी तरह खत्म हो चुका है. इसके बाद सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में लागू 45 दिन की समय-सीमा की पाबंदी को हटा दिया है.
बड़े परिवारों को सबसे ज्यादा फायदा
नये नियम से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले संयुक्त और बड़े परिवारों को सबसे अधिक राहत मिलने की उम्मीद है. चार-पांच या इससे अधिक सदस्यों वाले परिवारों में गैस की खपत अधिक होने के कारण सिलेंडर कई बार 45 दिन से पहले ही खत्म हो जाता था. ऐसे में अगला सिलेंडर बुक नहीं करा पाने के कारण परिवारों को परेशानी होती थी.
25 दिन बाद आसानी से बुक करा सकेंगे सिलेंडर
अब पिछला सिलेंडर मिलने के 25 दिन पूरे होने के बाद ग्रामीण उपभोक्ता अगला एलपीजी रीफिल बुक करा सकेंगे. इससे उन परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें अधिक खपत के कारण अतिरिक्त ईंधन की जरूरत पड़ती है. नये नियम को लेकर ग्रामीण इलाकों में उपभोक्ताओं के बीच खुशी देखी जा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए