गोपालगंज में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई के साथ चलेगा जागरूकता अभियान

Updated:
विज्ञापन

सड़क सुरक्षा को लेकर बैठक करते डीएम | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

गोपालगंज में सड़क हादसों को कम करने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है. कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में डीएम ने सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए. वहीं, आम लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया.

विज्ञापन

Gopalganj News : गोपालगंज जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन ने सख्ती के साथ जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया है. सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में डीएम समीर सौरभ की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई. इसमें सड़क दुर्घटनाओं, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों, ब्लैक स्पॉट, यातायात नियमों के अनुपालन और सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गयी.

विज्ञापन

पिछले वर्षों में सड़क हादसों के आंकड़ों की हुई समीक्षा

बैठक में पिछले वर्षों में जिले में हुई सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा की गयी. वर्ष 2022 में 277 सड़क दुर्घटनाओं में 248 लोगों की मौत और 191 लोग घायल हुए थे. वर्ष 2023 में 269 दुर्घटनाओं में 221 लोगों की मौत और 143 लोग घायल हुए. वर्ष 2024 में 255 दुर्घटनाओं में 202 लोगों की मौत तथा 207 लोग घायल हुए.

वर्ष 2025 में 243 सड़क दुर्घटनाओं में 200 लोगों की मौत और 138 लोग घायल हुए. वहीं, वर्ष 2026 में अगस्त तक 206 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गयीं, जिनमें 177 लोगों की मौत तथा 100 लोग घायल हुए. आंकड़ों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया.

ब्लैक स्पॉट पर मजबूत किये जायेंगे सुरक्षा इंतजाम

डीएम ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और ब्लैक स्पॉट की पहचान कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. इन स्थानों पर यातायात संकेतक, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य सड़क सुरक्षा प्रबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया गया. इसका उद्देश्य वाहन चालकों को संभावित खतरे की जानकारी समय रहते देना और दुर्घटनाओं की संभावना को कम करना है.

बिना हेलमेट और सीट बेल्ट पर होगी कार्रवाई

बैठक में हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया. दोपहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों और यात्रियों को सीट बेल्ट लगाने के लिए जागरूक करने का निर्देश दिया गया.

वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का पूरी तरह अनुपालन करने की अपील की गयी. बिना हेलमेट, सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने और तेज गति से वाहन चलाने समेत अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.

कार्रवाई के साथ जागरूकता अभियान चलाने पर जोर

अधिकारियों को यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई के साथ-साथ नियमित जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. आम लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर नियमों का पालन कराने पर विशेष जोर दिया गया.

बैठक में दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों को आईआरएडी में दर्ज और अद्यतन रखने की स्थिति की भी समीक्षा की गयी. अधिकारियों को दुर्घटनाओं की जानकारी समय पर दर्ज करने को कहा गया, ताकि हादसों के कारणों का विश्लेषण कर भविष्य के लिए प्रभावी सड़क सुरक्षा कार्ययोजना तैयार की जा सके.

सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने पर भी रहेगा जोर

सड़क किनारे अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गयी. प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात सुगम बनाने के लिए सड़क किनारे यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण को हटाने पर जोर दिया गया. संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.

दुर्घटना पीड़ितों को समय पर मिलेगी सहायता

बैठक में सड़क दुर्घटना पीड़ितों को उपलब्ध करायी जाने वाली सहायता और राहत की स्थिति की भी समीक्षा की गयी. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि दुर्घटना पीड़ितों को नियमानुसार मिलने वाली सहायता समय पर उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें.

सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी : डीएम

डीएम समीर सौरभ ने कहा कि सड़क सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है. प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के साथ आम नागरिकों की भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है. यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं में काफी हद तक कमी लायी जा सकती है.

बैठक में डीटीओ शशि शेखरम, डीएसपी साइबर अवंतिका दिलीप कुमार, सदस्य शाहीद इमाम हेलमेट मैन सहित अन्य पदाधिकारी और समिति के सदस्य मौजूद रहे.

फोटो नं 13- बैठक में शामिल अधिकारी व सदस्य | Prabhat Khabar Network
फोटो नं 13- बैठक में शामिल अधिकारी व सदस्य | Prabhat Khabar Network

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन