गोपालगंज के करवतही बाजार में चला बुलडोजर: हाईकोर्ट के आदेश पर सार्वजनिक जमीन से अतिक्रमण हटाया, मकान ध्वस्त
अतिक्रमण हटाने के दौरान पदाधिकारी व पुलिस बल | Prabhat Khabar Network
Patna News: पटना हाईकोर्ट के कड़े आदेश के बाद गोपालगंज के करवतही बाजार में प्रशासन ने सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की. अवैध रूप से बने एक पक्के मकान को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया. अंचल अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
Gopalganj News: जिले के कुचायकोट प्रखंड अंतर्गत अहियापुर पंचायत स्थित करवतही बाजार में मंगलवार को प्रशासन ने पटना उच्च न्यायालय के कड़े आदेश के अनुपालन में सार्वजनिक भूमि से अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की. इस अभियान के दौरान सार्वजनिक जमीन पर अवैध रूप से बनाए गए गुदर साह के पक्के मकान को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया. यह प्रशासनिक कार्रवाई 'नागेंद्र तिवारी बनाम बिहार सरकार व अन्य' वाद में उच्च न्यायालय द्वारा पारित निर्णय के तहत सुनिश्चित की गई.
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जमींदोज हुआ मकान
अतिक्रमण हटाने के लिए अंचल प्रशासन की टीम गोपालपुर थाने की भारी पुलिस फोर्स के साथ दलबल सहित मौके पर पहुंची. संभावित विरोध को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. भारी पुलिस बल की घेराबंदी के बीच बुलडोजर ने अवैध निर्माण को पूरी तरह तोड़ गिराया. प्रशासन की सख्ती और मुस्तैदी के चलते पूरी ध्वस्तीकरण प्रक्रिया बिना किसी बड़े अवरोध के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई.
मौके पर मौजूद रहे प्रशासनिक व राजस्व अधिकारी
कार्रवाई के दौरान कुचायकोट के अंचल पदाधिकारी (सीओ) मनोरंजन शुक्ला, राजस्व अधिकारी मनन कुमार शुक्ला, गोपालपुर पुलिस के पदाधिकारी एवं सशस्त्र पुलिस बल के जवान मुस्तैद रहे. अधिकारियों ने सीमांकन का मिलान करते हुए सरकारी जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराया और स्थल का भौतिक सत्यापन किया.
सरकारी जमीन पर कब्जा बर्दाश्त नहीं: सीओ
अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर अंचल पदाधिकारी मनोरंजन शुक्ला ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा, "सार्वजनिक रास्तों और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. न्यायालय के आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जाएगा. सार्वजनिक जमीनों को कब्जा मुक्त कराने का यह अभियान आगे भी अनवरत जारी रहेगा."
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए