गोपालगंज: मांझा में महावीरी जुलूस के रूट को लेकर प्रशासन की जांच, पुराने मार्ग से ही निकालने का निर्देश
रुट निर्धारित जांच करते अधिकारी | Prabhat Khabar Network
मांझा में महावीरी जुलूस के रूट में बदलाव की सूचना पर प्रशासन ने की कार्रवाई, पुराने मार्ग से ही जुलूस निकालने का दिया निर्देश। शांति बनाए रखने की अपील की गई।
Gopalganj News : मांझा थाना क्षेत्र के मांझा पूर्वी पंचायत के शेखटोली गांव में महावीरी जुलूस के निर्धारित मार्ग में बदलाव की सूचना मिलने के बाद प्रखंड प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की. सूचना मिलते ही बीडीओ वैभव शुक्ला, सीओ शमा परवीन और थानाध्यक्ष निरंजन कुमार मौके पर पहुंचे और जुलूस के निर्धारित मार्ग का स्थल निरीक्षण कर सत्यापन किया.
पुराने निर्धारित मार्ग को ही माना गया सही
प्रशासनिक अधिकारियों ने जांच के दौरान पुराने निर्धारित मार्ग का जायजा लिया. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महावीरी जुलूस पूर्व निर्धारित मार्ग से ही निकाला जायेगा. इसके बाद अखाड़ा समिति के सदस्यों को भी इसी मार्ग का पालन करने का निर्देश दिया गया.
बिना अनुमति रूट बदलने पर रोक
अधिकारियों ने अखाड़ा समिति को हिदायत दी कि प्रशासनिक अनुमति के बिना जुलूस के रूट में किसी भी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाये. उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान प्रशासनिक निर्देशों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है. जुलूस के दौरान किसी तरह की परेशानी या विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं हो, इसके लिए निर्धारित मार्ग का पालन जरूरी है.
शांति और सौहार्द बनाये रखने की अपील
प्रशासन की तत्परता के बाद गांव में स्थिति सामान्य रही. अधिकारियों ने अखाड़ा समिति के सदस्यों और ग्रामीणों से आपसी सौहार्द और शांति बनाये रखने की अपील की. साथ ही महावीरी जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से और निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने को कहा.


आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए