गोपालगंज: वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां काली मंदिर के नवनिर्माण का भूमि पूजन, एमएलसी राजीव कुमार व मोहनीश शाही ने रखी आधारशिला
भूमि पूजन करते एमएलसी व समिति के सदस्य | Prabhat Khabar Network
गोपालगंज में शनि स्थान सह महाकाली मंदिर के नव निर्माण के लिए भूमि पूजन संपन्न हुआ. इस दौरान श्रद्धालुओं ने मंदिर के सफल निर्माण की कामना की.
Gopalganj News: गोपालगंज शहर के जनता सिनेमा रोड स्थित प्रसिद्ध शनि स्थान सह महाकाली नवदुर्गा मंदिर के नवनिर्माण कार्य का शुक्रवार को विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ. वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच श्रद्धालुओं व गणमान्य अतिथियों ने पूजा-अर्चना कर मंदिर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया. भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधान पार्षद (एमएलसी) राजीव कुमार उर्फ गप्पू बाबू तथा जदयू के वरिष्ठ नेता व अधिवक्ता मोहनीश कुमार शाही उपस्थित रहे. दोनों अतिथियों ने वास्तु पूजन के उपरांत पहली ईंट रखकर मंदिर निर्माण का श्रीगणेश किया.
आपके शहर में
इस पावन अवसर पर एमएलसी राजीव कुमार उर्फ गप्पू बाबू ने मंदिर निर्माण के लिए 25,001 रुपये की सहयोग राशि प्रदान की. उन्होंने कहा कि मंदिर समाज की आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना के केंद्र होते हैं तथा ऐसे धार्मिक कार्यों में हरसंभव सहयोग निरंतर जारी रहेगा.
शनिदेव, महाकाली, नवदुर्गा व नवग्रहों की होगी भव्य स्थापना
मंदिर के नवनिर्माण के साथ ही परिसर में शनिदेव, महाकाली, नवदुर्गा और नवग्रहों की प्रतिमाओं की भव्य स्थापना की जाएगी. मंदिर के संरक्षक सह कानूनी सलाहकार मोहनीश कुमार शाही ने कहा कि धार्मिक स्थल केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं रहते, बल्कि वे समाज को नई ऊर्जा, नैतिक संस्कार और आपसी एकता प्रदान करने का केंद्र बनते हैं. उन्होंने कामना की कि मां काली के आशीर्वाद से यह भव्य मंदिर निर्माण कार्य निर्विघ्न संपन्न हो और क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र बने.
समिति के सदस्य व बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान मंदिर समिति के अध्यक्ष रामधुल प्रसाद, सचिव उदय नारायण पांडेय, संरक्षक सह अधिवक्ता मनीष किशोर नारायण और इंजीनियर कृष्ण मोहन सहित बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे. सभी उपस्थित लोगों ने वैदिक रीति से हवन-पूजन कर मंदिर निर्माण के सफल और मंगलमय समापन की प्रार्थना की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए