गोपालगंज: कैथवलिया ब्रह्म बाबा के दरबार में रक्षाबंधन पर लगा भव्य मेला, CCTV से निगरानी; बरहज से जल-दूध लेकर पहुंचे हजारों श्रद्धालु

Updated:
विज्ञापन

कैथवलिया बाबा पर जलाभिषेक करते भक्त

गोपालगंज के कैथवलिया स्थित ब्रह्म बाबा के दरबार में रक्षाबंधन पर ऐतिहासिक मेले का आयोजन हुआ, जिसमें उत्तर प्रदेश और बिहार से हजारों श्रद्धालु पहुंचे. जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें लगीं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए. दो दिनों तक चलने वाले इस मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आनंद लिया जा रहा है.

विज्ञापन

Gopalganj News: जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कैथवलिया स्थित प्रसिद्ध ब्रह्म बाबा के दरबार में रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शुक्रवार को भव्य और ऐतिहासिक मेले का आयोजन किया गया. पिछले एक माह से मेला समिति के सदस्य इस आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए थे. शुक्रवार तड़के से ही बिहार और सीमावर्ती उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने का तांता लगा रहा, जो देर शाम तक निरंतर जारी रहा. श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर बाबा के दरबार में माथा टेका, दूध चढ़ाया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की.

आपके शहर में

विज्ञापन

जलाभिषेक के लिए लगी लंबी कतार

कैथवलिया ब्रह्म बाबा के प्रति सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों में गहरी आस्था जुड़ी हुई है. रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तर प्रदेश के देवरिया जिला स्थित बरहज से पवित्र जल और दूध लेकर हजारों कांवड़िए व युवा पदयात्रा करते हुए शुक्रवार की सुबह कैथवलिया पहुंचे. युवाओं में जलाभिषेक को लेकर जबर्दस्त उत्साह देखा गया. मंदिर परिसर में 'हर-हर महादेव' और 'बाबा ब्रह्म' के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने घंटों कतार में लगकर जलाभिषेक किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न की.

मेडिकल टीम व पुलिस बल तैनात

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे मंदिर परिसर व मेला क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है. मेला समिति के सदस्य कंट्रोल रूम से लगातार हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि चोरी, छिनतई और भगदड़ जैसी किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके. विधि-व्यवस्था और सुगम यातायात के लिए विजयीपुर थाने की पुलिस बल के साथ-साथ आपातकालीन प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम भी मौके पर तैनात की गई है.

कैथवलिया बाबा पर जलाभिषेक करते भक्त | Prabhat Khabar Network
कैथवलिया धाम में जुटी श्रद्धालुओं की भीड़ | Prabhat Khabar Network

दो दिनों तक होगी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम

मेला परिसर में लगे विशाल मीना बाजार, विभिन्न प्रकार की दुकानों, बड़े झूले और ब्रेक डांस का बच्चों और युवाओं ने भरपूर आनंद लिया. इसके साथ ही मेले के अवसर पर दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी भव्य आयोजन किया जा रहा है. मेला समिति के अनुसार, मेले की पहली रात पारंपरिक नाच कार्यक्रम आयोजित किया गया, जबकि दूसरे दिन आल्हा गायन और रात्रि में नामचीन भोजपुरी कलाकारों के बीच दुगोला मुकाबला आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगा.

Also Read: गोपालगंज: रक्षाबंधन पर रांची से घर लौट रहे रेलवे टेक्नीशियन को नशाखुरानी गिरोह ने बनाया शिकार


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन