गोपालगंज का 93 साल पुराना जीए हाई स्कूल बदहाल, पीने का पानी और शौचालय तक की सुविधा नहीं, डीईओ ने जांच के दिए निर्देश

Updated:
विज्ञापन

जीए हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज

Kateya GA High School : गोपालगंज के कटेया स्थित 93 साल पुराना जीए हाई स्कूल बदहाल व्यवस्थाओं से जूझ रहा है. जलजमाव, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव छात्रों के लिए परेशानी का सबब बन गया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है.

विज्ञापन

Kateya GA High School : गोपालगंज के कटेया स्थित 1932 में स्थापित ऐतिहासिक जीए हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज इन दिनों अपनी बदहाल व्यवस्था को लेकर चर्चा में है. स्थानीय लोगों और छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में जलजमाव, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है. वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है.

93 साल पुराने ऐतिहासिक स्कूल की बदहाल तस्वीर

कटेया का जीए हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज वर्ष 1932 में स्वतंत्रता सेनानी बाबू महादेव राय द्वारा स्थापित किया गया था. कभी क्षेत्र के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में गिने जाने वाले इस विद्यालय से देश के प्रसिद्ध साहित्यकार और जेएनयू के पूर्व हिंदी विभागाध्यक्ष रहे स्वर्गीय डॉ. मैनेजर पांडेय सहित कई प्रतिष्ठित लोग शिक्षा प्राप्त कर चुके हैं. वर्तमान में विद्यालय की स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है.

स्कूल गेट पर जलजमाव से बढ़ी परेशानी

स्थानीय लोगों के अनुसार विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर लंबे समय से जलजमाव की स्थिति बनी हुई है. उनका कहना है कि इससे छात्रों के फिसलकर गिरने का खतरा बना रहता है. विद्यालय में करीब 670 से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं.

गोपालगंज की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें

पेयजल व्यवस्था पर उठे सवाल

विद्यालय में लगी पानी की टंकी लंबे समय से खराब बताई जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नल से पानी नहीं आता और एक चापाकल भी खराब है. दूसरे चापाकल से पानी के साथ बालू निकलने की शिकायत है. आरोप है कि छात्र-छात्राओं को पीने के पानी के लिए पास के मध्य विद्यालय पर निर्भर रहना पड़ता है.

शौचालय की स्थिति से छात्राओं को परेशानी

विद्यालय में बने शौचालयों की स्थिति को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि छात्राओं के लिए बने शौचालय पर ताला लगा रहता है, जबकि दूसरे शौचालय के आसपास झाड़ियां उगी हुई हैं और सेप्टिक टैंक खुला होने से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है. इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.

पढ़ाई से ज्यादा स्थानीय विवादों की चर्चा

कुछ स्थानीय लोगों का आरोप है कि विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों के बजाय स्थानीय स्तर के विवादों का असर पढ़ाई पर पड़ रहा है. उनका कहना है कि इससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और कई विद्यार्थी कोचिंग संस्थानों का सहारा लेने को मजबूर हैं.

प्रभारी प्राचार्य ने मीडिया प्रवेश पर जताई आपत्ति

रिपोर्टिंग के दौरान विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य रीमा कुमारी ने मीडिया के विद्यालय परिसर में प्रवेश पर आपत्ति जताई और कहा कि स्कूल में मीडिया का प्रवेश वर्जित है. उन्होंने बिना अनुमति प्रवेश पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी.

डीईओ ने जांच का दिया आश्वासन

जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र पांडेय ने कहा कि मामला उनकी जानकारी में नहीं था. उन्होंने बताया कि विद्यालय की जांच कराई जाएगी. यदि अनियमितता पाई जाती है तो व्यवस्था में सुधार के साथ जिम्मेदार लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : गोपालगंज : जगन्नाथ स्वरूप में सजे बाबा औघड़दानी, तस्वीरों में देखिए हरि-हर का अनूठा मिलन, भक्तों की उमड़ी भीड़


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन