गोपालगंज: कटेया में ज्वेलरी दुकानदार से लूट, फायरिंग कर भागे चार अपराधी; मौके पर छूटी बाइक

Updated:
विज्ञापन

ज्वेलरी दुकानदार से अस्पताल में पूछताछ करती पुलिस | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

गोपालगंज में जमुनहा बाजार में ज्वेलरी दुकानदार से लाखों की लूट हुई है. चार बाइक सवार अपराधियों ने दुकानदार पर हमला कर ज्वेलरी से भरा बैग छीन लिया. रोकने की कोशिश करने पर अपराधियों ने फायरिंग भी की.

विज्ञापन

Gopalganj News : कटेया थाना क्षेत्र के जमुनहा बाजार में शनिवार की देर शाम बाइक सवार चार अपराधियों ने विष्णु ज्वेलर्स के दुकानदार हरेंद्र वर्मा पर हमला कर ज्वेलरी से भरा बैग लूट लिया. घटना के दौरान लोगों ने अपराधियों को घेरने का प्रयास किया, तो आरोप है कि उन्होंने फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गये. हालांकि, अपराधियों की एक बाइक घटनास्थल पर ही छूट गयी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है.

विज्ञापन

हमले में हरेंद्र वर्मा के सिर में गंभीर चोट लगी है. उनका स्थानीय निजी क्लिनिक में इलाज चल रहा है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, बैग में करीब 10 लाख रुपये से अधिक की ज्वेलरी होने की बात सामने आ रही है. हालांकि, लूटी गयी ज्वेलरी की वास्तविक कीमत दुकानदार के होश में आने और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

दुकान बंद कर ज्वेलरी लेकर घर लौट रहे थे दुकानदार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हरेंद्र वर्मा शनिवार की शाम जमुनहा बाजार स्थित अपनी दुकान बंद करने के बाद ज्वेलरी को एक बैग में रखकर बाइक से भृंगीचक स्थित अपने आवास लौट रहे थे. इसी दौरान बाइक सवार चार अपराधियों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया.

आरोप है कि अपराधियों ने हरेंद्र वर्मा पर हमला कर दिया और उनके पास मौजूद ज्वेलरी से भरा बैग लेकर फरार होने लगे. हमले में दुकानदार के सिर में चोट लगी. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गये.

ग्रामीणों को जुटता देख अपराधियों ने की फायरिंग

बताया जाता है कि वारदात के बाद लोगों ने अपराधियों को घेरने का प्रयास किया. इसी दौरान अपराधियों ने फायरिंग कर दी और मौके से भाग निकले. अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गयी.

भागने के दौरान अपराधियों की एक बाइक घटनास्थल पर ही छूट गयी. ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया है. पुलिस अब बाइक के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.

एसपी ने टीम गठित कर शुरू करायी छापेमारी

घटना की सूचना मिलते ही कटेया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने भी मामले की जानकारी लेते हुए तत्काल पुलिस टीम का गठन किया. अपराधियों की तलाश में विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.

पुलिस दुकानदार के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है. साथ ही, लूटी गयी ज्वेलरी की वास्तविक मात्रा और कीमत का भी पता लगाया जा रहा है.

पुलिस जुटा रही है सीसीटीवी और अन्य साक्ष्य

पुलिस घटना के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ अपराधियों के भागने वाले रास्तों की भी जानकारी जुटा रही है. घटनास्थल पर छूटी बाइक को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है. पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है.

फोटो नं 25- घटना स्थल पर लुटेरों का छु़टे बाइक को देखते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
फोटो नं 25- घटना स्थल पर लुटेरों का छु़टे बाइक को देखते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन