गोपालगंज में अपराध गोष्ठी: ड्रग-फ्री जोन से महावीरी मेला की सुरक्षा तक, एसपी ने दिए सख्त निर्देश
पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजन की तस्वीर
गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने मासिक अपराध गोष्ठी में नशे के कारोबार, शराब तस्करी और आगामी महावीरी मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अहम निर्देश जारी किए हैं. अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को लेकर हुई इस बैठक के मुख्य बिंदु चौंकाने वाले हैं.
Gopalganj Crime Meeting: समाहरणालय सभागार में पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गयी. बैठक में सभी एसडीपीओ, डीएसपी मुख्यालय, साइबर व रक्षित, अंचल पुलिस निरीक्षक, थानाध्यक्ष, ओपी अध्यक्ष एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी पदाधिकारी शामिल हुए. इस दौरान अपराध नियंत्रण, गंभीर कांडों के उद्भेदन, एनडीपीएस व शराब के खिलाफ कार्रवाई तथा आगामी महावीरी मेला की विधि-व्यवस्था को लेकर समीक्षा की गयी.
मादक पदार्थों को सेंट्रल गोडाउन में जमा कराने का निर्देश
एसपी ने जब्त मादक पदार्थों के प्री-ट्रायल डिस्पोजल की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें थाना मालखाना में रखने के बजाय सेंट्रल गोडाउन, थावे में जमा कराने का निर्देश दिया. सितंबर को ड्रग रिकवरी मंथ मानते हुए विशेष अभियान चलाने को कहा गया.
उन्होंने स्कूल-कॉलेज और सरकारी संस्थानों के आसपास 500 मीटर के क्षेत्र को ड्रग-फ्री जोन सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया.
शराब के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान
शराब की बरामदगी को लेकर विशेष अभियान चलाने और लगातार छापेमारी करने का निर्देश दिया गया. एसपी ने छापेमारी के दौरान पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट और अन्य सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करने को कहा.
लापता बच्चों की बरामदगी पर विशेष जोर
ऑपरेशन तलाश के तहत लापता बच्चों की बरामदगी को लेकर भी निर्देश दिए गये. पुलिस पदाधिकारियों से कहा गया कि बच्चों को एक माह के गोल्डन पीरियड में बरामद करने का प्रयास करें और मिशन वात्सल्य पोर्टल पर संबंधित सूचना समय पर अपडेट करें.
हत्या और लूट जैसे पुराने मामलों की होगी निगरानी
हत्या, लूट, डकैती, दुष्कर्म और रंगदारी के पुराने मामलों की निगरानी पर्यवेक्षी पदाधिकारियों को करने का निर्देश दिया गया. वहीं वर्ष 2026 में दर्ज मामलों की व्यक्तिगत निगरानी संबंधित थानाध्यक्षों को करने को कहा गया.
सितंबर को गृहभेदन कांडों के उद्भेदन का माह मानते हुए प्रत्येक स्तर पर विशेष टीम गठित करने का निर्देश दिया गया. साथ ही प्रत्येक थाना को हर माह कम से कम तीन चोरी की बाइक बरामद करने का लक्ष्य दिया गया.
महावीरी मेला में डीजे और अश्लील नृत्य पर रोक
आगामी महावीरी मेला को लेकर पुलिस अधीक्षक ने जुलूस से पहले फ्रिस्किंग, हथियारों की रोकथाम और असामाजिक तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
उन्होंने स्पष्ट किया कि मेला और जुलूस के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. अश्लील अथवा उत्तेजक नृत्य पर भी रोक रहेगी. निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए