गोपालगंज में डिफेंस की तैयारी कर रही 22 वर्षीय छात्रा की बस से कुचलकर मौत, सड़क जाम वाहनों की लगी कतार
घटना स्थल की तस्वीर
लाइन बाजार-मीरगंज मुख्य पथ पर साहेबाचक गांव के पास एक अनियंत्रित बस ने 22 वर्षीय छात्रा मुस्कान कुमारी को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने न्याय की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया है.
Gopalganj Bus Accident: लाइन बाजार-मीरगंज मुख्य पथ पर साहेबाचक गांव के समीप शुक्रवार को एक अनियंत्रित बस की चपेट में आने से 22 वर्षीय छात्रा मुस्कान कुमारी की मौत हो गयी. मृतका की पहचान लाइन बाजार निवासी भोला प्रसाद की पुत्री के रूप में हुई है. हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने लाइन बाजार में सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया.
डिफेंस ट्रेनिंग के लिए जा रही थी मुस्कान
परिजनों के अनुसार, मुस्कान कुमारी सबेया फील्ड में संचालित डिफेंस ट्रेनिंग सेंटर में अभ्यास के लिए जा रही थी. इसी दौरान साहेबाचक गांव के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर उसकी चपेट में आ गयी. हादसे में मुस्कान की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.
घटना के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया. आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी.

लाइन बाजार में सड़क जाम, वाहनों की लगी कतार
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और मृतका के परिजन आक्रोशित हो गये. लोगों ने साहेबाचक से लेकर लाइन बाजार तक विरोध जताया. इसके बाद लाइन बाजार चौक के समीप मुख्य सड़क को बांस-बल्ले लगाकर जाम कर दिया गया.
प्रदर्शन कर रहे लोग फरार बस चालक की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं. सड़क जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गयी, जिससे राहगीरों और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

पुलिस और प्रशासन जाम हटाने में जुटा
सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारी आक्रोशित लोगों को समझाने और सड़क से जाम हटाने का प्रयास कर रहे हैं.
पुलिस के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. फरार बस और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस चालक की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई में जुटी है.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए