गोपालगंज में एनएच 27 पर ट्रक से टकराई शराब लदी बोलेरो, 26 लीटर देसी शराब बरामद
Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 17 May 2026 4:55 PM
क्षतिग्रस्त बोलेरो
Gopalganj News: गोपालगंज के नगर थाना क्षेत्र के चैनपट्टी गांव के पास एनएच 27 पर एक शराब लदी बोलेरो अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई. हादसे के बाद तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए, जिसके बाद ग्रामीणों ने शराब की लूटपाट शुरू कर दी. मौके पर पहुंची डायल 112 और नगर थाना पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर 26.640 लीटर देसी शराब बरामद की है. पुलिस गाड़ी मालिक और चालक पर केस दर्ज कर जांच कर रही है.
Gopalganj News(मनीष राज): बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोपालगंज नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस अधीक्षक (SP) विनय तिवारी के निर्देश पर जारी कड़ी चौकसी के बीच एनएच 27 (NH-27) पर एक सड़क हादसे के बाद बड़े शराब तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में देसी शराब बरामद कर गाड़ी को जब्त कर लिया है, हालांकि तस्कर मौके से भागने में सफल रहा.
ट्रक से टकराई तस्करों की बोलेरो, मौके पर मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार बोलेरो वाहन भारी मात्रा में देसी शराब की खेप लेकर जा रहा था. इसी दौरान नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चैनपट्टी गांव स्थित एक ईंट-भट्ठे (चिमनी) के पास बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे एक ट्रक से जोरदार ढंग से टकरा गई. दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद पकड़े जाने के डर से बोलेरो चालक और तस्कर वाहन को सड़क पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गए.
दुर्घटना के बाद शराब की लूटपाट, डायल 112 ने संभाला मोर्चा
स्थानीय लोगों के अनुसार, बोलेरो के टकराते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. जब आस-पास के लोगों को पता चला कि गाड़ी में शराब लदी है, तो कुछ स्थानीय लोगों द्वारा मौके का फायदा उठाकर शराब की बोतलों की लूटपाट भी शुरू कर दी गई.
इसी बीच राहगीरों द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और डायल 112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला. पुलिस ने भीड़ को खदेड़कर क्षतिग्रस्त बोलेरो को अपने कब्जे में लिया.
जांच में 26 लीटर से अधिक शराब बरामद; प्राथमिकी दर्ज
पुलिस टीम ने जब जब्त की गई बोलेरो की गहन तलाशी ली, तो उसमें से कुल 26.640 लीटर देसी शराब बरामद की गई. पुलिस ने शराब की खेप को जब्त करते हुए बोलेरो वाहन को क्रेन की मदद से थाने ले आई.
इस संबंध में नगर थाना पुलिस ने बताया कि फरार वाहन मालिक और चालक के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस बोलेरो के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर तस्करों के पूरे सिंडिकेट को खंगालने में जुटी है, और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










