गोपालगंज में राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी पूरी, 28 पीठों में बैंक से लेकर ट्रैफिक चालान तक मामलों का निबटारा
गोपालगंज व्यवहार न्यायालय का तस्वीर
राष्ट्रीय लोक अदालत 2026 की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. कुल 28 पीठों का गठन किया गया है, जो बैंक, ट्रैफिक चालान, परिवारिक और आपराधिक मामलों सहित विभिन्न प्रकार के वादों का सुलह और समझौते के आधार पर निस्तारण करेंगी. आम लोगों की सहायता के लिए एक हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया है.
Rashtriya Lok Adalat: व्यवहार न्यायालय परिसर में शनिवार को आयोजित होने वाली वर्ष 2026 की तीसरी राष्ट्रीय लोक अदालत की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के वादों का आपसी सुलह और समझौते के आधार पर निबटारा किया जायेगा. अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन के लिए कुल 28 पीठों का गठन किया गया है. सभी पीठों को कार्य आवंटित कर दिये गये हैं और प्रत्येक पीठ में न्यायिक पदाधिकारी तथा पैनल अधिवक्ता की तैनाती की गयी है.
बैंक से जुड़े मामलों के लिए अलग पीठ
जिला विधिक सेवा प्राधिकार से मिली जानकारी के अनुसार, पीठ संख्या दो में जिला एवं सत्र न्यायाधीश-दो कैलाश जोशी की तैनाती की गयी है. यहां सेंट्रल बैंक, मनरेगा और नीलाम वादों का निष्पादन होगा.
पीठ संख्या तीन में जिला एवं सत्र न्यायाधीश-14 अमित कुमार पांडेय की तैनाती की गयी है. इस पीठ में यूनियन बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स, कोऑपरेटिव बैंक, जेजे बोर्ड, आपदा प्रबंधन, खनन विभाग, सारण नहर प्रमंडल, भू-अर्जन और भूमि सुधार उप समाहर्ता से संबंधित वादों का निबटारा होगा.
पीठ संख्या पांच में जिला एवं सत्र न्यायाधीश-आठ कुमार सुधांशु की तैनाती की गयी है. यहां ग्रामीण बैंक की विभिन्न शाखाओं से जुड़े मामलों का निष्पादन होगा. पीठ संख्या नौ में जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सात विवेक कुमार त्रिपाठी की तैनाती की गयी है. इस पीठ में भारतीय स्टेट बैंक की सभी शाखाओं से संबंधित वादों का निबटारा किया जायेगा.
परिवहन और ट्रैफिक चालान के मामलों का भी होगा निबटारा
पीठ संख्या आठ में जिला एवं सत्र न्यायाधीश-13 धीरज कुमार मिश्र की तैनाती की गयी है. यहां ट्रैफिक डीएसपी और परिवहन विभाग से संबंधित मोटर वाहन अधिनियम के ट्रैफिक चालान मामलों का निष्पादन होगा.
जिला परिवहन कार्यालय परिसर में स्थापित पीठ संख्या 27 में परिवहन विभाग से जुड़े एमवी एक्ट के ट्रैफिक चालान मामलों का निबटारा किया जायेगा. वहीं, पीठ संख्या 28 में ट्रैफिक डीएसपी से संबंधित एमवी एक्ट के ट्रैफिक चालान मामलों का निष्पादन होगा.
परिवार न्यायालय से लेकर आपराधिक वादों तक की सुनवाई
पीठ संख्या एक में परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश धीरेंद्र बहादुर सिंह की तैनाती की गयी है. इस पीठ में परिवार न्यायालय के वैवाहिक सुलहनीय वादों के अलावा दोनों अनुमंडल न्यायालयों के धारा 107 और 144 से जुड़े मामले, नगर परिषद तथा विभिन्न फाइनेंस कंपनियों के सुलहनीय वादों का निष्पादन होगा.
पीठ संख्या चार में जिला एवं सत्र न्यायाधीश-15 विशाल कुमार की तैनाती की गयी है. यहां एमएसीटी वाद, महिला हेल्पलाइन, सभी न्यायालयों के सुलहनीय अपीलीय वाद, उपभोक्ता फोरम, सर्विस मैटर, टैक्स मैटर और बीएसएनएल से संबंधित मामलों का निष्पादन किया जायेगा.
पीठ संख्या छह में सभी न्यायालयों से संबंधित विद्युत वादों का निष्पादन होगा. पीठ संख्या सात में एनआइ एक्ट, पुलिस एक्ट, मापतौल, जिला परिषद, श्रम, वन, खाद्य तथा शॉप एंड एस्टैब्लिशमेंट से संबंधित वादों का निबटारा किया जायेगा.
पीठ संख्या 10 में सीजेएम भारती कुमारी की तैनाती की गयी है. यहां सीजेएम न्यायालय के लंबित सुलहनीय वादों का निष्पादन होगा. पीठ संख्या 11 से 26 तक विभिन्न एसीजेएम, एसडीजेएम और न्यायिक दंडाधिकारियों को तैनात किया गया है. इन पीठों में संबंधित न्यायालयों के लंबित सुलहनीय आपराधिक वादों का निष्पादन किया जायेगा.
लोगों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क
राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान आम लोगों को आवश्यक जानकारी और सहायता उपलब्ध कराने के लिए हेल्प डेस्क का गठन किया गया है. हेल्प डेस्क पर पहुंचने वाले लोगों को संबंधित पीठ, वाद के निष्पादन की प्रक्रिया और अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध करायी जायेगी.
लोक अदालत में पक्षकार आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर अपने मामलों का त्वरित निष्पादन करा सकेंगे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए