गोपालगंज के बेलबनवां हनुमान मंदिर के महंत का वीडियो वायरल, ग्रामीणों ने जताया विरोध
सोशल मीडिया पर से ली गई तस्वीर.
कुचायकोट के बेलबनवां हनुमान मंदिर के महंत बृजमोहन दास का एक वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. ग्रामीणों ने मंदिर पहुंचकर विरोध जताया है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
Belbanwa Temple News: कुचायकोट प्रखंड के ऐतिहासिक बेलबनवां हनुमान मंदिर के महंत बृजमोहन दास से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मंगलवार को मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गये. वायरल वीडियो को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गयी. ग्रामीणों ने महंत को मंदिर से हटाने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया. स्थिति बिगड़ने की सूचना पर कुचायकोट बीडीओ आदित्य प्रकाश और थानाध्यक्ष दर्पण सुमन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया.
महंत को हटाने की मांग पर अड़े ग्रामीण
ग्रामीणों का आरोप है कि वायरल वीडियो में महंत महिलाओं के साथ आपत्तिजनक व्यवहार करते और डांस करते दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. ग्रामीणों ने कहा कि बेलबनवां हनुमान मंदिर लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और मंदिर की गरिमा को लेकर किसी तरह का विवाद नहीं होना चाहिए.
मंदिर परिसर में जुटे लोगों ने महंत को हटाने की मांग की और प्रशासन से मामले की जांच कराने की मांग की. ग्रामीणों ने मांग पूरी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी.
पुलिस ने महंत से मांगा स्पष्टीकरण
मामले की जानकारी मिलने के बाद थानाध्यक्ष ने महंत बृजमोहन दास से संपर्क किया. रिपोर्ट के अनुसार, महंत ने वायरल वीडियो को अपना पारिवारिक मामला बताया और आरोपों को स्वीकार नहीं किया. उन्होंने पुलिस को अपना पक्ष रखने के लिए संबंधित महिला के साथ थाने में उपस्थित होने की बात कही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
कुचायकोट बीडीओ आदित्य प्रकाश ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी थी. लोगों को समझाया गया है और मामले की आगे की जांच थानाध्यक्ष कर रहे हैं.
धार्मिक न्यास परिषद के फैसले पर भी उठे सवाल
हंगामे के दौरान ग्रामीणों ने मंदिर के संचालन को लेकर धार्मिक न्यास परिषद के पूर्व निर्णयों पर भी सवाल उठाये. ग्रामीणों के अनुसार, मंदिर के संस्थापक महंत रामाश्रय दास उर्फ नागा बाबा ने वर्ष 2006 में अपने शिष्य जयप्रकाश दास को बेलबनवां मंदिर की जिम्मेदारी सौंपी थी.
दूसरी ओर, बृजमोहन दास ने मंदिर के महंत होने का दावा किया है. मंदिर के संचालन और महंत की दावेदारी को लेकर पहले भी विवाद सामने आ चुका है. वर्ष 2024 में प्रशासन ने दोनों पक्षों के बीच विवाद के दौरान मंदिर की व्यवस्था अपने नियंत्रण में लेकर पूजा-पाठ की निगरानी करने का निर्णय लिया था.
मंदिर की जमीन को लेकर भी विवाद का रहा है इतिहास
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मंदिर की जमीन को लेकर भी लंबे समय से विवाद रहा है. उनका कहना है कि मंदिर की संपत्ति पर बाहरी लोगों की नजर है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
पूर्व में भी बेलबनवां मंदिर के संचालन और महंत की दावेदारी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद सामने आया था. प्रशासन ने उस समय दोनों पक्षों के कागजात और दावों की जांच की थी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए