गोपालगंज में युवक को गोली मारकर अपराधी फरार, गंभीर हालत में गोरखपुर रेफर
गोली लगने के बाद घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर करते डॉक्टर
बाइक सवार अपराधियों ने बंजारी मोड़ पर एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल को इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी है.
Gopalganj News: नगर थाना क्षेत्र के बंजारी मोड़ स्थित सुमन हॉस्पिटल के समीप शुक्रवार को बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. गोली चलने की घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. घायल युवक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के कुकुरभूका गांव निवासी 40 वर्षीय शैलेश यादव, पिता नागेंद्र यादव के रूप में हुई है.
बाइक सवार अपराधियों ने अचानक मारी गोली
बताया जाता है कि शैलेश यादव बंजारी मोड़ स्थित सुमन हॉस्पिटल के समीप मौजूद थे. इसी दौरान बाइक सवार अपराधी वहां पहुंचे और युवक को गोली मारकर फरार हो गये. गोली लगने के बाद शैलेश यादव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया.
डायल-112 की टीम ने घायल को पहुंचाया अस्पताल
गोलीबारी की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद नगर थाने के इंस्पेक्टर पीके प्रभाकर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने घायल युवक को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया.

कंधे में लगी गोली, गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर
चिकित्सकों के अनुसार, शैलेश यादव के कंधे में गोली लगी है, जिसके कारण उनकी हालत गंभीर बतायी गयी. सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया.
मिट्टी के कारोबार से जुड़ा है घायल युवक
जानकारी के अनुसार, घायल शैलेश यादव मिट्टी के कारोबार से जुड़े हुए हैं. हालांकि, उन्हें गोली मारने के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच शुरू कर दी है. पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से बाइक सवार अपराधियों की पहचान हो सकती है. पुलिस अपराधियों के भागने की दिशा और घटना से पहले तथा बाद की गतिविधियों की भी जांच कर रही है.
लिखित आवेदन मिलने के बाद दर्ज होगी प्राथमिकी
नगर थाने के इंस्पेक्टर पीके प्रभाकर ने बताया कि युवक को गोली लगने की सूचना मिली है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है. पीड़ित या उसके परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की उचित कार्रवाई की जायेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए