गोपालगंज में 10 साल बाद 86 वर्षीय बुजुर्ग को मिली वृद्धा पेंशन, मेगा विकास सहयोग शिविर में छलके खुशी के आंसू

Author Rakesh gupta|Edited by Vivek Ranjan
Updated:
विज्ञापन
86 वर्षीय वृद्ध को शिविर में मिला पेंशन का अधिकार

कागजाति प्रक्रिया पूरी होने के बाद वृद्ध व्यक्ति को सौंपती बीडीओ | Prabhat Khabar Network

Gopalganj Mega Vikas Sahayog Camp: गोपालगंज के फुलवरिया प्रखंड में आयोजित मेगा विकास सहयोग शिविर में 86 वर्षीय दीनानाथ प्रसाद की 10 साल पुरानी वृद्धा पेंशन की समस्या का मौके पर समाधान हुआ. पेंशन स्वीकृत होने की जानकारी मिलते ही उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े.

विज्ञापन

Gopalganj Mega Vikas Sahayog Camp: "मैडम जी, 10 साल से वृद्धा पेंशन के लिए दौड़ लगा रहा हूं. अब उम्र 86 साल हो गई है. कृपया मेरा पेंशन शुरू करा दीजिए, ताकि दवा और जीवन-यापन का सहारा मिल सके." यह मार्मिक गुहार सोमवार को फुलवरिया प्रखंड के चुरामनचक पंचायत स्थित मेगा विकास सहयोग शिविर में 86 वर्षीय दीनानाथ प्रसाद ने लगायी. उनकी बात सुनते ही शिविर का माहौल भावुक हो गया.

बीडीओ ने मौके पर पूरी करायी पेंशन की प्रक्रिया

मुरार बतरहा नवका टोला निवासी दीनानाथ प्रसाद की व्यथा सुनकर बीडीओ पूजा कुमारी ने उन्हें सम्मानपूर्वक कुर्सी पर बैठाया. आवश्यक दस्तावेज मंगवाकर मौके पर ही वृद्धा पेंशन की प्रक्रिया पूरी करायी. जब उन्हें बताया गया कि अब उनका पेंशन मिलना शुरू हो जाएगा, तो उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े. कांपती आवाज में उन्होंने कहा, "अब मेरी दवा समय पर आ जाएगी."

पैकौली बद्दो पंचायत में भी मिली राहत

ऐसी ही संवेदनशील तस्वीर पैकौली बद्दो पंचायत में भी देखने को मिली. कई महीनों से वृद्धा पेंशन नहीं मिलने से परेशान सोहिला देवी की समस्या को श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सुमि प्रिया ने गंभीरता से सुना. दस्तावेजों की जांच के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी करायी गयी. समाधान की जानकारी मिलते ही उनके चेहरे पर लंबे समय बाद संतोष और मुस्कान लौट आयी.

90 वर्षीय वृद्ध को भी मिला भरोसा

बथुआ बाजार पंचायत में 90 वर्षीय एक बुजुर्ग लाठी के सहारे शिविर पहुंचे. उन्होंने अधिकारियों को बताया कि पिछले चार महीने से उनके खाते में पेंशन नहीं आ रही है. नोडल पदाधिकारी एमओ श्रीनिवास शर्मा ने उनका सम्मानपूर्वक स्वागत किया. जांच में शिकायत सही पाए जाने पर अधिकारियों ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई शुरू करते हुए नियमित भुगतान का भरोसा दिया.

शिविर बना जरूरतमंदों के लिए उम्मीद की किरण

मेगा विकास सहयोग शिविर में वृद्धा पेंशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया. अधिकारियों की संवेदनशील कार्यशैली से बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों को राहत मिली तथा उनके चेहरे पर संतोष दिखाई दिया.

Also Read: बिहार में इन दो जिलों के बीच बनेगा नया नेशनल हाइवे, केंद्र से मिली मंजूरी, जल्द रफ्तार भरेंगी गाड़ियां


विज्ञापन
Rakesh Gupta

लेखक के बारे में

By Rakesh Gupta

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन