गोपालगंज: जलालपुर भट्ठा सरोवर तट पर हेमाद्रि संकल्प के साथ द्विजों ने किया श्रावणी उपाकर्म, दशविध स्नान व सप्तऋषि पूजन संपन्न
श्रावणी उपाकर्म के दौरान हिमाद्रि संकल्प लेते ब्राह्मण | Prabhat Khabar Network
गोपालगंज में वैदिक परंपरा के साथ श्रावणी उपाकर्म संपन्न हुआ. ब्राह्मणों ने हिमाद्रि संकल्प, दशविध स्नान और सप्तऋषि पूजन कर आत्मशुद्धि की प्रार्थना की.
Gopalganj News: रक्षाबंधन अर्थात श्रावण शुक्ल पूर्णिमा के पावन अवसर पर सनातन वैदिक परंपरा को जीवंत रखते हुए ब्राह्मणों व द्विजों ने पूरे विधि-विधान से 'श्रावणी उपाकर्म' का अनुष्ठान संपन्न किया. अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में शुक्रवार की सुबह कुचायकोट प्रखंड के जलालपुर भट्ठा स्थित पवित्र सरोवर के तट पर सामूहिक रूप से यह आयोजन किया गया. इस दौरान भूदेवों ने सरोवर में डुबकी लगाकर आत्मशुद्धि की, पितरों का तर्पण किया और हेमाद्रि संकल्प लेकर वर्षभर में जाने-अनजाने हुए कायिक, वाचिक एवं मानसिक पापों के शमन की प्रार्थना की.
आपके शहर में
दशविध स्नान, पंचगव्य प्राशन और भस्मलेपन से हुई आत्मशुद्धि
श्रावणी उपाकर्म के तहत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शरीर और अंतःकरण की शुद्धि के लिए 10 पवित्र पदार्थों से दशविध स्नान कराया गया. इसमें भस्म, मृत्तिका (पवित्र मिट्टी), गोमय (गाय का गोबर), पंचगव्य, गोरज, धान्य, फल, सर्वौषधि, कुशोदक (कुश का जल) और सुवर्ण का उपयोग किया गया. इसके पश्चात गाय के दूध, दही, घृत, गोबर और गोमूत्र से निर्मित पंचगव्य का प्राशन और स्नान कराया गया. अनुष्ठान में अपामार्ग, कुशा और दूर्वा का शास्त्रीय विधि से प्रयोग कर भस्मलेपन की प्रक्रिया पूरी की गई.
सप्तऋषि पूजन के बाद अभिमंत्रित किए गए नूतन यज्ञोपवीत
अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष पंडित राजेंद्र पांडेय ने बताया कि वैदिक काल से ही ऋषि-मुनियों और द्विज समाज द्वारा नदियों व तीर्थों के तट पर आत्मशुद्धि का यह पावन पर्व मनाया जाता रहा है. तर्पण और शुद्धि क्रिया के उपरांत सप्तऋषियों की विशेष पूजा-अर्चना की गई. उपस्थित सभी ब्राह्मणों ने वैदिक ऋचाओं के उच्चारण के साथ वर्षभर धारण किए जाने वाले नूतन यज्ञोपवीत (जनेऊ) को अभिमंत्रित कर विधिपूर्वक धारण किया.
अनुष्ठान में बड़ी संख्या में विप्र समाज के लोग रहे मौजूद
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में प्रमुख रूप से पंडित वीरेंद्र कुमार पांडेय, कुचायकोट प्रखंड अध्यक्ष हरे राम मिश्र, भोला प्रसाद दुबे, अभय पांडेय, पंडित मंजीत कुमार त्रिपाठी, रामेश्वर चौबे, सच्चिदानंद चौबे, पहवारी दुबे, श्रीधर पांडे, संतोष चौबे, आशुतोष तिवारी, सुनील राय, वीरेंद्र तिवारी, धर्मेंद्र राय, संतोष कुमार मिश्रा, अमरेंद्र राय, योगेंद्र तिवारी, अनिल राय, परशुराम पांडेय, गणेश पांडेय, संजय तिवारी और बृजदेव पांडेय सहित विप्र समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए