गोपालगंज में स्मैक की तस्करी पर बड़ा एक्शन: CO की मौजूदगी में 9.5 ग्राम स्मैक के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, 41 पुड़िया बरामद
स्मैक के साथ गिरफ्तार लोग
भोरे थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर बनिया छापर गांव में छापेमारी कर 9.5 ग्राम स्मैक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई में 41 पुड़िया स्मैक भी बरामद हुई है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.
Smuggling of Smack: मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ भोरे थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने सीओ की मौजूदगी में बनिया छापर गांव स्थित एक करकटनुमा मकान में छापेमारी कर स्मैक की खरीद-बिक्री के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है. तलाशी के दौरान दोनों के पास से कुल 9.5 ग्राम स्मैक बरामद की गयी. इसमें 41 पुड़िया और एक पैकेट स्मैक शामिल है.
आपके शहर में
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस के अनुसार, पुअनि हलीम अंसारी को गुप्त सूचना मिली थी कि बनिया छापर गांव में सुजीत कुमार के घर पर स्मैक की अवैध बिक्री की जा रही है. सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों और भोरे सीओ अनुभव राय को इसकी जानकारी दी गयी.
इसके बाद पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने संबंधित स्थान पर अचानक छापेमारी की. पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद दोनों युवक भागने लगे. जवानों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया.
सुजीत के पास से मिली 41 पुड़िया स्मैक
तलाशी के दौरान सुजीत कुमार की जेब से सफेद प्लास्टिक में रखी 41 पुड़िया स्मैक बरामद की गयी. पुलिस के अनुसार, बरामद स्मैक का कुल वजन 7.93 ग्राम था.
वहीं, करण कुमार के पास रखे एक छोटे प्लास्टिक पैकेट से 1.57 ग्राम स्मैक बरामद की गयी. पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया.
दोनों युवकों से पुलिस कर रही पूछताछ
गिरफ्तार युवकों की पहचान सुजीत कुमार, उम्र 21 वर्ष और करण कुमार, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. साथ ही, स्मैक की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटायी जा रही है.
पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
इसे भी पढ़ें: उपेंद्र कुशवाहा का आया बयान, तेजस्वी भी समर्थन में; पटना के आंदोलनकारी छात्र सड़क पर उतरने को तैयार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए