3000 रुपये की घूस पड़ी भारी: भोरे थाना के अपर थानाध्यक्ष पर गिरी निलंबन की गाज, जानिए पूरा मामला
सस्पेंड अपर थानाध्यक्ष संदीप कुमार और भोरे थाना की तस्वीर
Passport Verification: भोरे थाना के अपर थानाध्यक्ष संदीप कुमार को पासपोर्ट सत्यापन के नाम पर 3000 रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है. डीएसपी मुख्यालय की जांच में आरोप प्रमाणित होने पर एसपी ने यह कार्रवाई की है.
Passport Verification: जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ पुलिस प्रशासन की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत लापरवाह और रिश्वतखोर पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई जारी है. पासपोर्ट सत्यापन के नाम पर 3 हजार रुपये रिश्वत मांगने और गंभीर कदाचार के आरोप प्रमाणित होने पर भोरे थाना के अपर थानाध्यक्ष संदीप कुमार को एसपी विनय तिवारी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. डीएसपी की जांच रिपोर्ट में दारोगा पर लगाए गए सभी आरोप प्रमाणित पाए गए हैं.
आपके शहर में
पासपोर्ट रिपोर्ट क्लियर करने के लिए मांगे 3 हजार रुपये
भोरे थाना क्षेत्र के आवेदक सुजय कुमार ने पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था. पासपोर्ट सत्यापन की जिम्मेदारी अपर थानाध्यक्ष संदीप कुमार के पास थी. आरोप है कि उन्होंने पासपोर्ट रिपोर्ट क्लियर करने के एवज में आवेदक से 3 हजार रुपये रिश्वत की मांग की. आवेदक ने जब रिश्वत देने से इनकार कर दिया, तो दारोगा ने एक पुराने मामले का हवाला दिया. बताया गया कि उक्त मामले में आवेदक पहले ही निर्दोष पाया जा चुका था. इसके बावजूद पुराने मामले को आधार बनाकर उसके पासपोर्ट आवेदन को अनुचित तरीके से अस्वीकृत करा दिया गया.
डीएसपी मुख्यालय की जांच में सभी आरोप प्रमाणित
शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय विजय मिश्र ने मामले की प्रारंभिक जांच की. डीएसपी की जांच रिपोर्ट में दारोगा पर लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह प्रमाणित पाए गए. जांच प्रतिवेदन में संबंधित पुलिस पदाधिकारी के आचरण को घोर लापरवाही, कदाचार और भ्रष्टाचार की श्रेणी में रखा गया. जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने संदीप कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया.
जादोपुर कांड के बाद फिर हुई बड़ी कार्रवाई
गोपालगंज पुलिस में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह पहली बड़ी कार्रवाई नहीं है. इससे पहले जादोपुर थाना क्षेत्र में भ्रष्टाचार के गंभीर मामलों में तत्कालीन थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. अब भोरे थाना के अपर थानाध्यक्ष पर हुई कार्रवाई से पुलिस महकमे में एक बार फिर हड़कंप मचा है.
निलंबन के बाद पुलिस केंद्र भेजे गए संदीप कुमार
निलंबन के बाद संदीप कुमार का मुख्यालय पुलिस केंद्र, गोपालगंज निर्धारित किया गया है. उनसे निर्धारित समय सीमा के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है. विभागीय प्रक्रिया के तहत मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
एसपी बोले- गलत करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
एसपी विनय तिवारी ने कहा कि पासपोर्ट सत्यापन जैसे नागरिक-केंद्रित काम में रिश्वतखोरी, व्यक्तिगत दुर्भावना या नियम-विरुद्ध कार्रवाई किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. पुलिस अधिकारियों का काम माफिया और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करना है, न कि आम लोगों से अवैध वसूली करना. उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों द्वारा इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर आगे भी जेल भेजने से लेकर बर्खास्तगी तक की कठोर कानूनी और विभागीय कार्रवाई जारी रहेगी.
इसे भी पढ़ें: उपेंद्र कुशवाहा का आया बयान, तेजस्वी भी समर्थन में; पटना के आंदोलनकारी छात्र सड़क पर उतरने को तैयार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए