सिपाही रजनीश की मौत पर परिजनों को संदेह, सांसद भीम सिंह ने SP से निष्पक्ष जांच की बात कही
पीड़ित परिवार से बात करने के बाद प्रेस को जानकारी देते राज्य सभा सांसद भीम सिंह एवं अन्य
गया जी में सिपाही रजनीश कुमार की रहस्यमय मौत पर परिजनों को संदेह है. भाजपा सांसद भीम सिंह और राजद के पूर्व एमएलसी प्रो. रामबली सिंह चंद्रवंशी ने परिजनों से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है.
गया जी के वजीरगंज के कारीसोवा गांव में शुक्रवार को भाजपा के राज्यसभा सांसद भीम सिंह और राजद के पूर्व एमएलसी प्रो रामबली सिंह चंद्रवंशी ने बिहार पुलिस के सिपाही रजनीश कुमार के परिजनों से मुलाकात की. दोनों नेताओं ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया. नेताओं के पहुंचने पर परिजनों ने घटना से जुड़ी अपनी आशंकाओं और परिस्थितियों की जानकारी दी.
एसपी से की बातचीत
राज्यसभा सांसद भीम सिंह चंद्रवंशी ने कहा कि पुलिस प्रशिक्षण के दौरान छत से गिरने के कारण रजनीश कुमार की मौत हुई है. हालांकि, घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने संदेह व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस अधीक्षक से बातचीत की गयी है. जांच के दौरान यदि किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.
अनुकंपा पर नौकरी का आश्वासन
सांसद ने कहा कि मृतक के आश्रितों को सरकारी स्तर पर मिलने वाली सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किया जायेगा. साथ ही परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा के आधार पर नौकरी दिलाने के लिए विभागीय स्तर पर पहल करने का आश्वासन भी दिया. उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जायेगा.
घटना पर परिजनों का संदेह
वहीं, पूर्व एमएलसी प्रो. रामबली सिंह चंद्रवंशी ने कहा कि घटना से कुछ समय पहले रजनीश की अपनी बहन से बातचीत हुई थी. इसके बाद दिन में ढाई बजे के आस-पास छत से गिरने की घटना को लेकर परिजनों के मन में कई तरह के सवाल और संदेह उत्पन्न हुए हैं. उन्होंने कहा कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए, ताकि घटना की वास्तविक स्थिति सामने आ सके.
हरसंभव सहयोग का भरोसा
पूर्व एमएलसी ने आश्वस्त किया कि परिवार को प्रशासनिक, राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जायेगा. दोनों नेताओं ने परिजनों को ढाढ़स बंधाते हुए कहा कि इस कठिन समय में वे परिवार के साथ हैं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए