ऑस्ट्रेलिया में प्रवासी बिहारियों से डॉ. प्रेम कुमार ने कहा- बिहार को सिर्फ यादों से नहीं, निवेश और विशेषज्ञता से भी जोड़ें

Updated:
विज्ञापन

ऑस्ट्रेलिया में प्रवासी भारतीयों से संवाद के दौरान बिहार विधान सभा अध्यक्ष व अन्य | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

ऑस्ट्रेलिया में प्रवासी बिहारियों को डॉ. प्रेम कुमार ने संबोधित किया. उन्होंने बिहार के विकास में सक्रिय भागीदारी व 'विकसित भारत' में योगदान का आह्वान किया. निवेश के लिए अनुकूल माहौल पर जोर.

विज्ञापन

ऑस्ट्रेलिया प्रवास के दौरान बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने प्रवासी भारतीयों, विशेषकर बिहार से जुड़े उद्यमियों, तकनीकी विशेषज्ञों, पेशेवरों एवं प्रबुद्धजनों के साथ एक उच्चस्तरीय संवाद बैठक की. इस दौरान उन्होंने सभी प्रवासी बिहारियों से अपील की कि वे अपने पैतृक राज्य बिहार की विकास यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा वर्ष 2047 तक 'विकसित भारत' के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें.

विज्ञापन

डॉ. प्रेम कुमार ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अपनी जन्मभूमि से हजारों किलोमीटर दूर विदेश में रहने के बावजूद प्रवासी बिहारियों का अपनी जड़ों, संस्कृति और माटी से जुड़ाव आज भी अत्यंत प्रगाढ़ और सराहनीय है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश वर्ष 2047 तक एक 'विकसित भारत' के लक्ष्य के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है. इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए बिहार भी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में औद्योगिक विकास, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और उद्यमिता के नए-नए अवसर सृजित कर रहा है.

बिहार में निवेश के लिए तैयार किया गया अनुकूल माहौल

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित और मजबूत प्रयासों से आज बिहार में निवेश, उद्योग और रोजगार के लिए पूरी तरह अनुकूल वातावरण तैयार हो चुका है. निवेशकों की सुविधा के लिए निवेश प्रक्रिया को बेहद सरल बनाया गया है, जिसके तहत सिंगल विंडो क्लीयरेंस तथा एसआइपीडीबी (SIPDB) जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं लागू की गई हैं.

इसके अलावा 'बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज (BIIPP-2025)' के माध्यम से पूंजी निवेश, ब्याज अनुदान, एसजीएसटी (SGST) प्रतिपूर्ति, रोजगार सृजन और भूमि आवंटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में निवेशकों को विशेष प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ऑस्ट्रेलिया में रह रहे बिहार के तकनीकी विशेषज्ञ, आईटी प्रोफेशनल, उद्यमी और वैज्ञानिक बिहार और वैश्विक बाजार के बीच एक मजबूत सेतु की भूमिका निभा सकते हैं.

वे अपने लंबे अनुभव, तकनीकी विशेषज्ञता, प्रबंधन क्षमता और पूंजी के जरिए बिहार के युवाओं के कौशल विकास, स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने, स्टार्टअप एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा रोजगार के नए अवसर पैदा करने में अहम योगदान दे सकते हैं.

इन विशिष्ट अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

इस महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम के दौरान काउंसल जनरल (CGI) के एस जानकीरमण, मूल रूप से छपरा से संबंधित ऑस्ट्रेलिया के सिटी ऑफ पैरामाटा के पूर्व मेयर व वर्तमान काउंसलर समीर पांडेय, अररिया जिले के मिर्दौल से संबंधित ऑस्ट्रेलियाई-भारतीय उद्यमी एवं समाजसेवी अमित कुमार दास, सीवान से जुड़े उद्यमी पुष्कर तथा मिथिला क्षेत्र से संबंधित लेखक एवं कवि शिशिरेंदु झा सहित बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के प्रबुद्ध लोग उपस्थित रहे.

सेमीकंडक्टर नीति से नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा बिहार

डॉ. प्रेम कुमार ने रेखांकित किया कि बिहार की औद्योगिक नीतियां अब केवल पारंपरिक क्षेत्रों तक ही सीमित नहीं हैं. राज्य सरकार द्वारा लाई गई 'बिहार सेमीकंडक्टर नीति-2026' और 'बिहार बायोफ्यूल उत्पादन प्रोत्साहन नीति-2023' के माध्यम से सेमीकंडक्टर, सूचना प्रौद्योगिकी (IT), इलेक्ट्रॉनिक्स, बायोफ्यूल, वस्त्र, चमड़ा, खाद्य प्रसंस्करण और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे उभरते क्षेत्रों में भारी निवेश की संभावनाएं तेजी से बढ़ाई जा रही हैं.

Also Read : गया में मुखिया का हथियार के साथ रील बनाने का वीडियो वायरल, बोले- वह असली नहीं, खिलौना है; जांच में जुटी पुलिस

कार्यक्रम के अंत में विधानसभा अध्यक्ष ने सभी प्रवासी बिहारियों से आह्वान किया कि वे बिहार को केवल पुरानी स्मृतियों और भावनाओं तक ही सीमित न रखें, बल्कि अपनी विशेषज्ञता, उद्यमशीलता और प्रत्यक्ष निवेश के माध्यम से इसे धरातल पर जोड़ें. उन्होंने कहा कि प्रवासी बिहारियों की क्षमता और उनके वैश्विक अनुभव का पूरा लाभ बिहार को मिलना चाहिए, जिसके लिए आपसी संवाद और सहयोग के नए अवसरों को लगातार आगे बढ़ाया जाना चाहिए.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन