बोधगया में ट्रक ने पैदल जा रहे व्यक्ति को रौंदा, इलाज के लिए ले जाते समय मौत; लोगों ने सड़क किया जाम
प्रतीकात्मक तस्वीर
बोधगया के गया-चेरकी रोड में आठ माइल के पास ट्रक की चपेट में आने से परसावां गांव के 45 वर्षीय भोला मांझी की मौत हो गई. हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिसे पुलिस द्वारा समझाने और पारिवारिक लाभ योजना के तहत 21 हजार रुपये का चेक देने के बाद समाप्त कराया गया. पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है.
गया जी-चेरकी रोड में आठ माइल के पास मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पैदल चल रहे 45 वर्षीय भोला मांझी की मौत हो गई. वह परसावां गांव के रहने वाले थे और सुबह सड़क पर पैदल चल रहे थे, तभी गया की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया.
इस भीषण हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक को मौके पर ही दबोच लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही चेरकी थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को गिरफ्तार करते हुए दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया.
परिजनों के हंगामे के बाद हुआ सड़क जाम
सड़क हादसे में मौत की खबर मिलते ही मृतक के स्वजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए. उन्होंने गया-चेरकी मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई और दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं.
मौके पर पहुंची चेरकी थानाध्यक्ष ट्विंकल सिंह और अन्य पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया. पुलिस के लगातार समझाने और प्रशासनिक स्तर पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा मिलने के बाद करीब डेढ़-सवा दो घंटे की मशक्कत के बाद लोगों ने सड़क जाम हटाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका.
पारिवारिक लाभ योजना के तहत मिला मुआवजा
प्रशासन की ओर से तुरंत कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत मृतक के परिजनों को 21 हजार रुपए का चेक तत्काल प्रदान किया गया.
चेरकी थानाध्यक्ष ट्विंकल सिंह ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है. मृतक के बेटे के लिखित बयान पर स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस गिरफ्तार ट्रक चालक को बुधवार को कोर्ट में पेश करेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए